{"_id":"59c2b0d04f1c1b8b688b5a8b","slug":"six-misconduct-cases-filed-every-month","type":"story","status":"publish","title_hn":"हर महीने दर्ज हो रहे छह दुराचार के मुकदमे ","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
हर महीने दर्ज हो रहे छह दुराचार के मुकदमे
धन सिंह बिष्ट रुद्रपुर।
Updated Wed, 20 Sep 2017 11:47 PM IST
विज्ञापन
अपराध की दृष्टि से बेहद संवेदनशील माने जाने वाले ऊधमसिंह नगर जिले में महिलाएं असुरक्षित हैं। जिले में हर महीने छह महिलाएं दुष्कर्म का शिकार हो रही हैं। महिला अपहरण के सात से आठ मामले दर्ज हो रहे हैं। महिलाओं पर हमले में काशीपुर पहले और किच्छा दूसरे पायदान पर हैं। बीते साल के मुकाबले जिले में महिला अपराध का ग्राफ कुछ कम हुआ है मगर महिला सुरक्षा के लिहाज से वर्तमान स्थितियां बेहद चिंताजनक हैं।
विज्ञापन
जिले में लूट, हत्या, डकैती और अन्य जघन्य अपराधों के अलावा अब महिलाएं भी अपराधियों के निशाने पर हैं। महिलाओं की अस्मत पर हमले लगातार हो रहे हैं। पुलिस विभाग से मिले आंकड़ों के अनुसार पूरे जिले में हो रहे महिला अपराध पर नजर डालें तो हर महीने छह महिलाओं की अस्मत लूटी जा रही हैं। सात से आठ महिलाओं का अपहरण हो रहा है। कई मामलों में आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने वाले लोगों ने महिलाओं को अपना शिकार बनाया है तो किसी मामले में महिलाओं की मजबूरी का फायदा उठाकर उनकी अस्मत लूटी गई है। कुछ मामले ऐसे भी हैं जिनमें परिवार के ही किसी व्यक्ति द्वारा महिला का शारीरिक शोषण किया गया है। रुद्रपुर, बाजपुर और खटीमा क्षेत्र में भी महिलाएं पूरी तरह सुरक्षित नहीं हैं।
विज्ञापन
वर्ष 2017 में जुलाई तक आंकड़े
थाना महिला दुराचार अपहरण
काशीपुर 13 16
बाजपुर 09 09
रुद्रपुर 11 11
किच्छा 06 13
खटीमा 09 03
------------------------------------------
कुल 48 52
---------------------------------------------
वर्ष 2016 में जनवरी से जुलाई तक महिलाओं के साथ दुष्कर्म के 49 और अपहरण के 60 मामले दर्ज किये गये थे। कई मामलों में पीड़ित महिला लोक लाज के डर से अपनी शिकायत दर्ज नहीं कराती है अगर हर मामला थाना चौकियों में दर्ज होने लगे तो जनपद में महिला अपराध का ग्राफ और भी ऊपर जा सकता है।
विज्ञापन
जिले में महिला अपराध पर अंकुश लगाना पुलिस ने अपनी प्राथमिकता में रखा है। इसके चलते महिला अपराधों में कुछ कमी भी आई है। सभी थानों में महिलाओं की समस्या को सुलझाने के लिए महिला दरोगा को भी तैनात किया गया है। सभी थाना प्रभारियों को महिलाओं के साथ होने वाले किसी भी अपराध में तत्काल मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिये गये हैं। पीड़ित महिलाएं बिना किसी डर के अपनी समस्या बताएं। उन्हें किसी भी हालत में न्याय दिलाया जाएगा।
डॉ. सदानंद दाते, एसएसपी, ऊधमसिंह नगर