शांतिपुरी। शांतिपुरी के नंबर तीन में खेत में लगे ट्रांसफार्मर को नहीं हटाने पर महिला के आत्मदाह की चेतावनी के मामले का हल निकल गया है। स्थानीय विधायक, ग्रामीणों और ऊर्जा निगम के अधिकारियों की बैठक के बाद खेत से जल्द ही ट्रांसफार्मर और 11 हजार केवी की लाइन हटाने का आश्वासन परिवार को दिया गया। इसके बाद ट्रांसफार्मर से केबल जोड़ने पर 36 घंटे बाद बिजली की आपूर्ति बहाल हो सकी।
दरअसल शांतिपुरी नंबर तीन में ऊर्जा निगम की ओर से तारों को बदलने का कार्य किया जा रहा है। दो दिन पहले महिला ने अपने खेत में लगे ट्रांसफार्मर से नई बिछी केबल जोड़ रहे ऊर्जा निगम कर्मियों को रोक दिया। उसने कहा था कि बिना अनुमति के खेत में ट्रांसफार्मर लगाया गया है। इसके अलावा घर के पास से 11 हजार केवी की लाइन जा रही है। दोनों को हटाने की मांग को लेकर कई बार अधिकारियों से गुहार लगाई जा चुकी है। लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हो रही है। उसने सुनवाई नहीं होने पर आत्मदाह की धमकी दे दी थी। इससे ऊर्जा निगम कर्मियों में हड़कंप मच गया था। शनिवार की शाम किच्छा विधायक राजेश शुक्ला की मौजूदगी में ऊर्जा निगम के सहायक इंजीनियर आरपी पाठक, जूनियर इंजीनियर प्रदीप खाती, ग्राम प्रधान रोहित तिवारी के साथ ग्रामीणों, महिला और परिजनों की बैठक हुई। इसमें महिला को उचित कार्यवाही का आश्वासन दिया गया। जूनियर इंजीनियर प्रदीप पाठक ने बताया कि शांतिपुरी नंबर तीन में ट्रांसफार्मर लगाने की जगह चिह्नित होते ही खेत से ट्रांसफार्मर और लाइन हटा दिए जाएंगे।