{"_id":"56e1c45f4f1c1b18478b4573","slug":"robbery-of-one-crore-at-the-shop-and-house-of-dealer","type":"story","status":"publish","title_hn":"व्यापारी के घर और दुकान में एक करोड़ की डकैती","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
व्यापारी के घर और दुकान में एक करोड़ की डकैती
ब्यूरो/अमर उजाला, ऊधमसिंह नगर
Updated Fri, 11 Mar 2016 12:30 AM IST
विज्ञापन
तमंचों और चाकू से लैस चार डकैतों ने बृहस्पतिवार को सुबह करीब साढ़े छह बजे सराफा व्यापारी के घर में घुसकर दंपति व उनके बेटे को बंधक बनाकर लूटपाट की। डकैतों ने ज्वैलर्स की पत्नी के साथ मारपीट कर चाकू से घायल कर दिया।
विज्ञापन
डकैतों ने परिजनों के मुंह में कपड़ा ठूंस और हाथ बांधकर कमरे में बंद कर दिया व कार से फरार हो गये। जाते हुए लुटेरे सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर भी साथ ले गये।
विज्ञापन
डकैतों के जाने के डेढ़ घंटे बाद कमरे की खिड़की की ग्रिल तोड़कर बाहर निकले ज्वैलर्स ने आसपास के व्यापारियों और पुलिस को लूट की सूचना दी। सूचना पर सैकड़ों व्यापारी एकत्रित हो गए। डकैती की सूचना मिलते ही एएसपी सहित पुलिस के तमाम अधिकारी मौके पर पहुंच गए।
विज्ञापन
गुरुवार सुबह नेशनल हाईवे स्थित न्यू फैंसी पंजाब ज्वैलर्स के स्वामी सुधीर रस्तोगी की पत्नी कुसुम रस्तोगी सुबह-सुबह करीब साढ़े छह बजे घर के मुख्य दरवाजे को खोलकर सफाई करने के लिए झाडू लेने अंदर गई। इस दौरान चार हथियारबंद डकैत घर के अंदर घुस आए और कुसुम को अपने कब्जे में ले लिया।
डकैतों के हाथ में चाकू व तमंचे थे। डकैतों को देख कुसुम की चीख निकल गई। जिस पर डकैतों ने चाकू से उन पर वार कर दिया, जिसे हाथ से रोकने में वह घायल हो गईं। पत्नी की चीख सुनकर छत पर पौधों में पानी डाल रहे सुधीर रस्तोगी नीचे को दौड़े तो डकैतों ने उनकी कनपटी पर तमंचा लगाकर उनको भी अपने काबू में ले लिया। घर में उस समय उनका छोटा पुत्र हिमांशु रस्तोगी था। डकैतों ने उसे भी अपने काबू में कर लिया।
डकैत तीनों को एक कमरे में ले गए और मुंह में कपड़ा ठूंस कर हाथ बांध दिए। एक घंटे तक डकैतों ने घर व दुकान का कोना कोना खंगाल कर वहां रखे दो किलो सोने के जेवर, आठ किलो चांदी व साढ़े तीन लाख की नगदी और 32 बोर के लाइसेंसी रिवाल्वर के साथ ही सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर भी उड़ा लिया।
डकैत घर के पिछले दरवाजे सड़क पर कार लेकर इंतजार कर रहे अपने दो अन्य साथियों के साथ फरार हो गए। डकैती की सूचना मिलते ही व्यापारियाें का हजूम मौके पर उमड़ पड़ा। डकैती की सूचना मिलते ही एएसपी पंकज भट्ट, सीओ सितारगंज जीएस पांगती के साथ ही खटीमा व सितारगंज कोतवाली की फोर्स के साथ ही एसओजी फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट मौके पर पहुंच गए। समाचार लिखे जाने तक पीड़ित ने पुलिस को तहरीर सौंप दी थी। पुलिस डकैती का मुकदमा दर्ज करने की तैयारी कर रही थी।