फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttarakhand ›   Udham Singh Nagar News ›   Robbery mastermind arrested with bolero

बोलेरो के साथ लूट का मास्टर माइंड दबोचा

Haldwani Bureau हल्द्वानी ब्यूरो
Updated Mon, 05 Aug 2019 12:09 AM IST
विज्ञापन
Robbery mastermind arrested with bolero
सितारगंज। राजश्यामा कंपनी के चालक को जबरन गाड़ी से उतार कुक का अपहरण कर बोलेरो कार को लूटकर भागने वाले दो बाइक सवार बदमाशों में से एक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके पास से लूटी गई बोलेरो कार, लूट में प्रयुक्त बाइक, एक 32 बोर का देसी तमंचा, दो कारतूस भी बरामद किए हैं। एसपी सिटी देवेंद्र पींचा ने घटना का खुलासा करने के बाद गिरफ्तार बदमाश को जेल भेज दिया।
विज्ञापन

बीते 27 जुलाई की रात करीब दस बजे राज श्यामा कंपनी के चालक और कुक बघौरा गांव के पास हाइवे किनारे स्थित पंप के पास बोलेरो (यूके06एएस-0954) को रोककर शराब पी रहे थे। इसी बीच नानकमत्ता की ओर से बाइक (यूके06एपी-0217) से आ रहे दो बदमाशों ने बोलेरो में बैठे चालक बछगांव थाना मंगौरा जिला मथुरा यूपी निवासी चालक जितेंद्र सिंह पुत्र महताब सिंह को बाहर खींचकर चाबी छीन ली। इसके बाद बोलेरो को स्टार्ट कर उसमें बैठे कुक ग्राम हरीपुर थाना कालाढूंगी नैनीताल निवासी रितेश कुमार पुत्र सीताराम का अपहरण कर गाड़ी लूट ले गए। दूसरा बदमाश बाइक से पीछे-पीछे चल रहा था।
विज्ञापन

कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर कृष्णा कांप्लेक्स बाजपुर रोड काशीपुर निवासी रमेश चंद्र पुत्र रामस्वरूप ने पुलिस को कुक के अपहरण ओर बोलेरो लूट की तहरीर दी। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। एसएसपी बरिंदरजीत सिंह, एसपी देवेंद्र पींचा और सीओ सुरजीत के निर्देश पर कोतवाल संजय गर्ब्याल के नेतृत्व में पुलिस टीमें तलाश में जुट गईं।
विज्ञापन
विज्ञापन

एसपी देवेंद्र पींचा ने बताया कि बीते तीन अगस्त की रात करीब 8:05 बजे सूचना पर कठंगरी मोड़ पर चेकिंग की। इस दौरान लूटी गई बोलेरा गाड़ी में सवार ग्राम मोहनपुर थाना दिनेशपुर निवासी मास्टर माइंड अभियुक्त जुगराज सिंह उर्फ युवराज सिंह उर्फ जग्गा को पकड़ लिया, जबकि उसका साथी महेशपुर थाना रुद्रपुर निवासी अनुज वर्मा उर्फ अनुज राजपूत मौके से धान के कीचड़ भरे खेत में घुस फरार हो गया।
पुलिस ने लूटी बोलेरो के अलावा अभियुक्त की निशानदेही पर देसी तमंचा, दो कारतूस, लूट में प्रयुक्त जुगराज की बाइक भी बरामद की है। जुगराज को आईपीसी की धारा 392, 342 के अलावा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत जेल भेज दिया।
टीम में कोतवाल संजय गर्ब्याल, एसएसआई बीएस बिष्ट, मदन मोहन जोशी, एसआई अमित शर्मा, कांस्टेबल भूपेंद्र आर्या, नरेंद्र यादव, मो. नासिर, जगदीश लोहनी, दीपक जोशी, एसओजी कांस्टेबल संतोष आदि थे।
पकड़े न जाते तो नेपाल में होती बोलेरो की तस्करी
सितारगंज। बोलेरो कार लूटने के मामले में पुलिस की तत्परता ने बदमाशों के होश उड़ा दिए। पसियापुर के जंगल में रात गुजारने के बाद बदमाश बरेली से पीलीभीत के रास्ते लखीमपुर खीरी पहुंचे। यहां बोलेरो को मॉडिफाइड किया। पुलिस के पीछे पड़े होने के शक में बदमाश लौटकर दिनेशपुर क्षेत्र में आए, जब उनको लगा कि अब पुलिस से खतरा नहीं है तो वह वाया सितारगंज-पीलीभीत होते हुए पलिया की ओर रवाना हो गए, लेकिन पुलिस ने उनके आने से पहले ही राज्य सीमा पर जाल बिछा रखा था।
शनिवार रात पुलिस की गिरफ्त में आए मास्टर माइंड जुगराज सिंह ने पूछताछ में बोलेरो लूट का खुलासा कर दिया। बताया कि गाड़ी लूटने के बाद कुक रितेश कुमार को भी अगवा कर लिया था। किच्छा बाईपास के पास पेट्रोल पंप पर पहले दो हजार का तेल भराया। फिर टंकी फुल कराई। पैसा न होने पर गाड़ी वहां से भगा दी। पंप के लोग बाइकों से पीछे पड़ गए तो हाइवे पर रुद्रपुर की ओर भाग निकला। टोला प्लाजा पर भीड़ देख पकड़े जाने के डर से 120 किमी. प्रति घंटे की रफ्तार से बैरियर में टक्कर मारते हुए सीधे निकल गया और काशीपुर रोड पर महतोष मोड़ से गाड़ी नवाबगंज बिलासपुर की ओर दौड़ा दी। नवाबगंज से पसियापुर की ओर जाने वाले सुनसान रास्ते में गाड़ी रोकी और कुक रितेश को पिस्टल दिखाकर डरा धमकाया। करीब छह घंटे तक उसे बंधक बनाने के बाद तड़के 4:30 बजे बिलासपुर लाकर उसे उतार दिया।
इसके बाद बरेली से पीलीभीत के रास्ते लखीमपुर पहुंचकर गाड़ी की स्टेपनी, बिजली विभाग लिखा बोर्ड, नंबर प्लेट हटाई। उस पर रेडियम से मूंछें बनाई और शीशे भी बदले। यहां से पुलिस की गतिविधियों को भांपने के लिए शुक्रवार रात दिनेशपुर इलाके में आए और शनिवार की शाम को वहां से पलिया के लिए निकले। बोलेरो को पलिया से नेपाल लेकर जाना चाहते थे, लेकिन रास्ते में ही पुलिस की नाकाबंदी से वह पकड़े गए।
पुलभट्टा पर छोड़ गए थे लूट में प्रयुक्त बाइक
सितारगंज। आरोपी अनुज वर्मा दिनेशपुर से पुलभट्टा तक बोलेरो गाड़ी के आगे-आगे लूट में प्रयुक्त जुगराज की बाइक से आया था और जब पुलिस से बचकर पुलभट्टा तक आ गए तो यहां उसने बाइक खड़ी कर दी। जुगराज जब पकड़ा गया तो बाइक बरामद हुई।
लखीमपुर कोर्ट लौटते वक्त दिया घटना को अंजाम
सितारगंज। जुगराज सिंह के फरार साथी अनुज वर्मा पर लखीमपुर कोर्ट में नाबालिग से छेड़खानी के आरोप में आईपीसी की धारा 354 और पॉक्सो एक्ट में मुकदमा चल रहा है। 27 जुलाई सुबह 4:30 बजे दोनों कोर्ट में तारीख जानने के लिए घर से निकले थे और शाम तीन बजे कोर्ट से चलकर पूरनपुर, पीलीभीत होते हुए नानकमत्ता हाइवे पर आए। सिसईखेड़ा अंग्रेजी की दुकान से शराब लेकर सड़क किनारे ही पीने लगे। इसी बीच बोलेरो का चालक जितेंद्र सिंह शराब खरीदने पहुंचा। गाड़ी से निकलकर दुकान की ओर गया तो अनुज से टकराने पर कहासुनी हो गई। जुगराज और अनुज ने दोनों को नशे में देख बघौरा पंप के पास घटना को अंजाम देकर भाग निकले।
जुगराज पर चार तो अनुज पर दो मुकदमे हैं दर्ज
सितारगंज। एसपी देवेंद्र पींचा ने बताया कि लूट के मास्टर माइंड जुगराज सिंह उर्फ जग्गा पर लखीमपुर खीरी जिले के मेहंदीखेड़ी थाने में लड़के का अपहरण करने के मामले में मुकदमा दर्ज है। पिछले साल दिनेशपुर थाने में जानलेवा हमले के आरोप में भी मुकदमा हुआ और अब सितारगंज थाने में लूट, अपहरण, अवैध हथियार रखने के मामले में दो मुकदमे दर्ज हो गए। अनुज पर पलिया थाने में नाबालिग से छेड़खानी का मुकदमा चल रहा है और अब सितारगंज थाने में लूट, अपहरण का मुकदमा दर्ज हो गया।

खुलासा करने वाली पुलिस टीम पर इनामों की बौछार
सितारगंज। एक सप्ताह के भीतर बोलेरो लूटकांड का खुलासा करने वाली टीम पर पुलिस अधिकारियों ने इनामों की बौछार कर दी है। डीआईजी जगतराम जोशी ने पांच हजार, एसएसपी बरिंदरजीत सिंह ने ढाई हजार और एसपी देवेंद्र पींचा ने 1500 रुपये का इनाम देने की घोषणा की।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed