शांतिपुरी। गड्ढों मेें तब्दील सड़क की मरम्मत नहीं होने से आनंदपुर के ग्रामीणों का धैर्य जवाब दे गया। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ पांच गांवों को जोड़ने वाली सड़क के गड्ढों में भरे पानी में धान की पौध रोपकर विरोध जताया। उन्होंने सरकार पर विकास के नाम पर छलावा करने का आरोप लगाया।
बृहस्पतिवार को आनंदपुर गांव में ग्रामीणों ने सड़क पर हुए गड्ढों में पौधे लगाए। कहा कि यह सड़क ग्राम राघवपुर, कनकपुर, महाराजपुर, प्रतापपुर को जोड़ती है और सिडकुल तक जाती है। बदहाल हो चुकी इस सड़क की सुध नहीं ली जा रही है। कांग्रेस प्रदेश सचिव विनोद कोरंगा और पूर्व जिलाध्यक्ष नारायण सिंह बिष्ट ने कहा कि भाजपा जन आर्शीवाद यात्रा के बहाने जनता का ध्यान समस्याओं से भटकाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने गांवों में क्षतिग्रस्त सड़कों के लिए स्थानीय विधायक और भाजपा सरकार को दोषी ठहराया है। वहां पर प्रेम आर्या, प्रेम पटवाल, चांदमती, प्रकाश, नरेश, संत देवी, नवीन, राकेश यादव, गुंजन सहित अनेक मौजूद रहे।