सितारगंज। एडीएम के खिलाफ और पांच सूत्री मांगों को लेकर पालिका बोर्ड की ओर से चल रहा बेमियादी धरना अब गांव-गांव तक पहुंचेगा। इसके लिए आठ सदस्यीय कमेटी बनेगी और कमेटी के सदस्य लोगों को जागरूक करेंगे।
बृहस्पतिवार को 14वें दिन भी पालिका के जनप्रतिनिधि धरने पर डटे रहे। बीडीसी सदस्य मृदुल त्रिपाठी व विशाल त्रिपाठी ने अपने समर्थकों के साथ धरने का समर्थन किया। आंदोलनकारियों ने निर्णय लिया कि शासन-प्रशासन से वार्ता के लिए एक कमेटी बनाई जाएगी। कमेटी में प्रमुख राजनीतिक दलों से एक-एक, समाज के दो प्रतिनिधि, दो सभासद समेत आठ लोगों को शामिल किया जाएगा। पालिकाध्यक्ष हरीश दुबे ने कहा कि जब तक बोर्ड की मांगें पूरी नहीं होती आंदोलन जारी रहेगा। वहां पूर्व बीडीसी रामाशंकर, व्यापार मंडल महामंत्री राजीव गुप्ता, वरिष्ठ उपाध्यक्ष जिलानी अंसारी, सभासद सचिन गंगवार, रहमत हुसैन, जहूर इस्लाम, प्रमोद रावत, लक्ष्मण राणा, संदीप बावा, अकरम बेग, पंकज गहतोड़ी, नितिन चौहान, राजकुमार वालिया आदि थे।