बाजपुर। सहकारी चीनी मिल संघ और उत्तराखंड जल विद्युत निगम के अधिकारियों की टीम ने संयुक्त रूप से शुगर मिल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने कहा कि बाजपुर चीनी मिल में पावर जनरेशन प्लांट को लगाने के लिए जुलाई माह में टेंडर प्रक्रिया शुरू होगी। प्लांट बीस महीने में तैयार हो जाएगा। इस दौरान चीनी मिल कर्मचारियों ने उत्तराखंड चीनी मिल संघ के एमडी चंद्रेश यादव को को पांच सूत्रीय मांग पत्र सौंपा।
बुधवार को उत्तराखंड सहकारी चीनी मिल संघ के एमडी चंद्रेश यादव, उत्तराखंड जल विद्युत निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक संदीप सिंघल, डीजीएम सचिन डंगवाल, शुगर फेडरेशन के प्रबंधक राजीव लोचन शर्मा ने अधिकारियों की टीम के साथ बाजपुर चीनी मिल पहुंचे। अधिकारियों की टीम ने चीनी मिल में लगने वाले पावर प्लांट की चिन्हित भूमि का स्थलीय निरीक्षण किया। संघ के एमडी चंद्रेश यादव ने कहा कि पावर प्लांट के लिए 27 जुलाई को टेंडर आमंत्रित किए गए है। आगामी गन्ना पेराई सत्र के समापन के बाद ही पावर प्लांट लगाने का कार्य शुरू किया जाना है। प्लांट लगने में करीब बीस माह का समय लगेगा। पेराई सत्र बाधित न हो ऐसी कार्य योजना तैयार की गई है। टेंडर की प्रक्रिया मार्च महीने में शुरू होनी थी लेकिन लॉकडाउन के चलते कार्य को गति नही मिल पाई। बता दें कि 24 दिसंबर 2016 को कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य ने 154 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले पावर प्लांट परियोजना का शिलान्यास किया था। टीम के साथ मिल केे महाप्रबंधक प्रकाश चंद, मुख्य गन्ना अधिकारी डा. राजीव कुमार, सीए एके श्रीवास्तव, सचिन ठाकुर आदि थे।