डीएम रंजना राजगुरू ने कलक्ट्रेट सभागार में कम वैक्सीनेशन वाले क्षेत्रों में वैक्सीनेशन बढ़ाने के लिए सभी एसडीएम और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर चर्चा की। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक वैक्सीन लगवाने वाले आंगनबाड़ी, आशा वर्कर, एएनएम एवं ग्राम प्रधानों को सम्मानित किया जाएगा। जिले में कोई व्यक्ति टीके से न छूटे इस थीम पर योजना तैयार करें। उन गांवों पर फोकस करें, जहां वैक्सीनेशन कम हो रहा है।
कहा कि जो भी टीम वैक्सीनेशन के लिए निर्धारित की गई है, वह टीम हर हाल में सुबह आठ बजे वैक्सीनेशन सेंटर में पहुंचना सुनिश्चित करे। वैक्सीनेशन नोडल अधिकारी/एसीएमओ डॉ. हरेन्द्र मलिक को निर्देश दिए कि डोर टू डोर तत्काल वैक्सीन लगवाना सुनिश्चित करें। वहां पर सीडीओ हिमांशु खुराना, सीएमओ डॉ. डीएस पंचपाल, संयुक्त मजिस्ट्रेट आकांक्षा वर्मा, विशाल मिश्रा, एसडीएम नरेश चंद्र दुर्गापाल, मुक्ता मिश्र, सुन्दर सिंह आदि थे।