यात्रियों को बसों के लिए घंटों करना पड़ा इंतजार
होली पर्व पर अपने-अपने घरों को जाने वाले लोगों की भीड़ से बसें खचाखच भरी रहीं। इस दौरान लोगों को घंटों बसों का इंतजार भी करना पड़ा। हालांकि लंबे रूटों पर अतिरिक्त बसों का संचालन भी किया था, लेकिन यात्रियों की भीड़ के आगे वो नाकाफी रहीं। शुक्रवार को होली का पर्व है। ऐसे में गुरुवार सुबह से ही लोग अपने अपने घरों को जाने के लिए रोडवेज स्टेशन पहुंचने लगे। इस दौरान स्टेशन पर बाहर से आने वाली बसें भी खचाखच भरी हुई थीं। जिससे स्टेशन पर खड़े यात्रियों को सीट नहीं मिल सकी। मजबूरन उन्हें घंटों बसों का इंतजार करना पड़ा। हालांकि यात्रियों की सहूलियत के लिए परिवहन निगम ने दिल्ली, हरिद्वार, देहरादून, मुरादाबाद, चंडीगढ़ सहित अन्य रूटों पर अतिरिक्त बसों का भी संचालन किया था, लेकिन यात्रियों की संख्या के आगे अतिरिक्त बसों का संचालन नाकाफी रहा।
वहीं लोकल रूटों की बसों के साथ ही टेंपो और विक्रम भी सवारियों से भरे रहे। इधर डिपो के एजीएम केएस राणा ने बताया कि अधिक यात्री वाले रूटों पर अतिरिक्त बसाें का संचालन किया जा रहा है। दिल्ली रूट पर 14 बसों से बढ़ाकर 18, बरेली के लिए तीन से आठ और देहरादून के लिए आठ से 12 बसें कर दी गई हैं। इसके अलावा यात्रियों की मांग पर भी अतिरिक्त बसों का संचालन किया जा रहा है।