धान के पांच करोड़ हड़प गए बिचौलिये
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
खटीमा व नानकमत्ता क्षेत्र के आढ़तियों से धान खरीदने वाले बिचौलिये लगभग पांच करोड़ रुपये हड़प कर भाग निकले। फरार बिचौलियों को ढूंढते हुए यहां पहुंचे पीड़ित आढ़तियों ने नगर की एक राइस मिल के सामने धरना दिया और पुलिस से धोखाधड़ी करने वाले बिचौलियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
बृहस्पतिवार को खटीमा व नानकमत्ता क्षेत्र के आढ़ती धान खरीदकर करीब पांच करोड़ रुपये लेकर भागे तीन बिचौलियों को ढूंढते हुए बिज्टी बाईपास पहुंचे और यहां एक राइस मिल के मालिक से बिचौलियों की बारे में जानकारी ली। बिचौलियों के हत्थे न चढ़ने पर आढ़तियों ने एक राइस मिल पर धरना दिया। उन्होंने कहा कि तीन बिचौलियों ने उनका धान खरीदा था। करीब 50 आढ़तियों से 1180 रुपये प्रति कुंटल की दर से धान खरीदकर लाए थे। जिसकी रकम एक सप्ताह के भीतर देने का वायदा किया गया था। आरोप लगाया कि बिचौलिये करीब पांच करोड़ रुपये का धान खरीदकर रफूचक्कर हो लिए। बिचौलियों द्वारा उनके धान को हरियाणा व पंजाब प्रांत ले जाना बताया गया था। उनका कहना था कि आढ़तियों के साथ बिचौलियों द्वारा ठगी किए जाने से उनकी आर्थिक स्थिति तंग हो गई है और परिवार के समक्ष रोजी रोटी का संकट पैदा हो रहा है।
हंगामे की सूचना पर एसआई देवेंद्र गौरव मय पुलिस बल के मिल पहुंचे और घटना की जानकारी ली। एसआई ने आढ़तियों को जल्द ही ठगी करने वाले बिचौलियों को गिरफ्तार करने का भरोसा दिलाया। इसके बाद करीब साढ़े तीन बजे पुलिस टीम आढ़तियों के साथ बिचौलियों की तलाश में हरियाणा रवाना हो गई। जिस पर आढ़तियों ने धरना समाप्त कर दिया। धरने पर योगेश गर्ग, राकेश गोयल, उमाशंकर गुप्ता, बृजलाल, गोपाल दत्त जोशी, अमित मित्तल, चंद्रप्रकाश गुप्ता आदि थे।