रुद्रपुर: पैदा होने के तीन दिन बाद दुनिया से विदा हुई नन्ही परी, मां और नानी समेत तीन गिरफ्तार
रुद्रपुर के सिंह कॉलोनी की चर्च रोड पर कार के नीचे मिली नवजात बच्ची की तीन दिन बाद मौत हो गई। मामले में पुलिस ने बच्ची की मां, नानी और एक युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
विस्तार
रुद्रपुर के सिंह कॉलोनी की चर्च रोड पर कार के नीचे मिली नवजात बच्ची की तीन दिन बाद मौत हो गई। मामले में पुलिस ने बच्ची की मां, नानी और एक युवक को गिरफ्तार किया है।
बीती 17 अक्तूबर को सेंट जॉन चर्च के पास खड़ी कार के नीचे कपड़े में लिपटी नवजात बच्ची मिली थी। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल से सुशीला तिवारी अस्पताल हल्द्वानी रेफर किया गया था। सोमवार को उपचार के दौरान बच्ची की मौत हो गई। जांच में सामने आया कि बच्ची का जन्म 16 अक्तूबर की रात बिलासपुर के एक अस्पताल में हुआ था। 17 अक्तूबर को अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद आरोपी उसे घर ले जाने के बजाय चर्च के पास ले गए। वहां भीड़ देखकर वे बच्ची को कार के नीचे छोड़कर चले गए। दोनों महिलाएं युवक की बाइक से वहां पहुंची थीं।
सीओ विभव सैनी ने बताया कि मामले में पुलिस ने ट्रांजिट कैंप के आजादनगर निवासी 23 वर्षीय युवती (बच्ची की मां) 45 वर्षीय महिला (बच्ची की नानी) और उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले के भगवंतापुर हाल आजादनगर निवासी 30 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। सभी को कोर्ट में पेश कर दिया गया। न्यायालय के आदेश पर उन्हें जेल भेज दिया है।