काशीपुर। चैती परिसर स्थित मां भगवती बाल सुंदरी देवी मंदिर में गोवर्धन पूजा का आयोजन किया गया। गो पूजन कर श्रद्धालुओं को अन्नकूट प्रसाद वितरित किया गया। रविवार को समाजसेवी बाबूराम ने चैती मंदिर में गोवर्धन पर पूजा अर्चना की। मंदिर के मुख्य पंडा विकास अग्निहोत्री और पंडा शक्ति अग्निहोत्री ने यजमान बाबूराम, पूर्व ग्राम प्रधान आनंद कुमार, पार्षद संघ अध्यक्ष अनिल कुमार और मेयर ऊषा चौधरी को विधि विधान के साथ पूजा कराई। इसके बाद गो पूजा कर श्रद्धालुओं को अन्नकूट का प्रसाद वितरित किया गया। पंडा विकास ने बताया कि अन्नकूट में 56 प्रकार के अनाज-सब्जियां मिलाए जाते हैं। वहां पर पार्षद राजकुमार सेठी, सम्राट गिरी, जगदीश, बाबा सीताराम, सुनील, दीपक आदि थे। वहीं, पक्काकोट स्थित शनिधाम मंदिर, रहमखानी स्थित बांके बिहारी मंदिर, रानी मंदिर, मुलतानी मोड़ स्थित शिव मंदिर, लाहोरियान गायत्री मंदिर, हनुमान मंदिर आदि मंदिरों में अन्नकूद का प्रसाद वितरित किया गया।