फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttarakhand ›   Udham Singh Nagar News ›   G20 In Pantnagar Rudrapur

जी-20 : उत्तराखंड टोपी और पिछौड़े से हुआ मेहमानों का स्वागत

Wed, 29 Mar 2023 12:25 AM IST
हल्द्वानी ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, ऊधम सिंह नगर
संवाद न्यूज एजेंसी, ऊधम सिंह नगर Updated Wed, 29 Mar 2023 12:25 AM IST
विज्ञापन
G20 In Pantnagar Rudrapur
पंतनगर एयरपोर्ट में 17 देशों के 51 डेलीगेट्स को छोलिया कलाकारों की प्रस्तुति ने किया मंत्रमुग्ध
विज्ञापन

संवाद न्यूज एजेंसी
पंतनगर। जी-20 सम्मेलन में शिरकत करने के लिए भारत सहित 17 देशों के 51 मेहमान पंतनगर एयरपोर्ट पहुंचे। यहां पारंपरिक वेशभूषा में सजी युवतियों ने टीका लगाने के साथ ही डेलीगेट्स को उत्तराखंड की टोपी पहनाई। महिला डेलीगेट्स को कुमाऊं का विशेष परिधान पिछौड़ा भेंट किया गया। मेहमानों के स्वागत में छोलिया कलाकारों ने वाद्य यंत्रों के साथ सुंदर नृत्य प्रस्तुत किया। एयरपोर्ट पर अभूतपूर्व स्वागत और उत्तराखंड की संस्कृति से डेलीगेट्स बेहद प्रभावित नजर आए।
मंगलवार दोपहर डेढ़ बजे स्पाइसजेट का एटीआर 90 मेहमानों को लेकर पंतनगर एयरपोर्ट पहुंचा। यहां कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत, डीएम युगल किशोर पंत और एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने मेहमानों की आगवानी की। कुमाऊंनी वेशभूषा पहनीं युवतियों ने मेहमानों को भारतीय संस्कृति का परिचायक टीका लगाया।
विज्ञापन

एयरपोर्ट में बनाए हेंगर रूम में अल्प विश्राम के बाद मेहमानों को कड़ी सुरक्षा के बीच भोजन के लिए रुद्रपुर के रेडिशन ब्लू होटल में ले जाया गया। होटल में भी गर्मजोशी से आगवानी की गई। यहां से करीब सवा घंटे बाद मेहमान जी-20 सम्मेलन के स्थल रामनगर के लिए रवाना हो गए। वहां आईजी नीलेश आनंद भरणे, सीडीओ विशाल मिश्रा, प्रशिक्षु आईएएस अनामिका, मंडी परिषद के प्रबंध निदेशक आशीष भटगाई, एसपी सिटी मनोज कत्याल आदि थे।
विज्ञापन
विज्ञापन

--------------
यूरोपीय संघ के तीन डेलीगेट सीधे पहुंचे रामनगर
रुद्रपुर। पंतनगर एयरपोर्ट पर हवाई जहाज से 17 देशों के 51 डेलीगेट पहुंचे थे। यूरोपीय संघ के तीन डेलीगेट सीधे रामनगर स्थित आयोजन स्थल पहुंचे। प्रशासन से मिली जानकारी अनुसार पंतनगर एयरपोर्ट पर रूस से चार, नाइजीरिया एक, फ्रांस के दो, इटली के दो, संयुक्त राज्य अमेरिका के दो, साउथ कोरिया एक, यूके पांच, जापान एक, स्पेन एक, दक्षिण अफ्रीका चार, आस्ट्रेलिया एक, नीदरलैंड एक, कनाडा दो, सऊदी अरब तीन, ब्राजील एक, चीन के दो और भारत के 18 डेलीगेट्स पहुंचे थे। जी 20 में शामिल मैक्सिको, तुर्की, अर्जेंटिना, जर्मना, इंडोनेशिया के डेलीगेट्स पंतनगर नहीं पहुंचे। संवाद
--------------
लोकनृत्य करने से खुद को रोक नहीं पाए
रुद्रपुर। देवभूमि पहुंचने पर डेलीगेट बेहद खुश नजर आए। स्वागत कार्यक्रम में डेलीगेट उत्तराखंड की संस्कृति व परिधानों से रूबरू हुए। इस दौरान उन्होंने कलाकारों के साथ सेल्फी। रेडिशन होटल में लोकनृत्य से डेलीगेट्स का स्वागत कर रही महिला कलाकारों के साथ विदेशी डेलीगेट भी थिरकती नजर आईं। संवाद
--------------
पिथौरागढ़ से पहुंचे थे छोलिया कलाकार
रुद्रपुर। जी-20 के मेहमानों के स्वागत के लिए पिथौरागढ़ के कीनागाड़ से छोलिया कलाकारों की टीम पहुंची थी। कलाकारों ने परंपरागत वाद्य यंत्रों की धुन में प्रस्तुतियों से डेलीगेट्स को मंत्रमुग्ध कर दिया। कुमाऊंनी वेशभूषा में सजे अल्मोड़ा और जीजीआईसी पंतनगर के बच्चे मेहमानों का स्वागत करते नजर आए। संवाद
--------------
आठ लग्जरी बस से हुए रवाना
रुद्रपुर। पंतनगर एयरपोर्ट से कड़ी सुरक्षा के बीच मेहमान पहले रुद्रपुर और फिर लंच के बाद रामनगर के लिए रवाना हुए थे। मेहमान आठ लग्जरी बस में सवार थे। काफिले में 23 वाहन शामिल थे। संवाद
--------------
बाजपुर में फाड़ी थी चार फ्लेक्सी
रुद्रपुर। मेहमानों के स्वागत और उत्तराखंड की सांस्कृतिक विविधता दिखाने के लिए पंतनगर से बाजपुर तक फ्लेक्सी लगाई गई थीं। कुछ अराजकतत्वों ने सोमवार शाम चार फ्लेक्सी फाड़ दी। इसकी सूचना पर संबधित विभाग के अधिकारियों ने रात में ही फाड़ी गई फलेक्सी को हटवाकर नई फ्लेक्स लगवाई। संवाद
--------------
वाहनों से हाथ हिलाकर किया अभिवादन
रुद्रपुर। पंतनगर एयरपोर्ट से वाहनों में निकले डेलीगेट्स स्वागत से बेहद खुश नजर आए। कईं डेलीगेट्स ने वाहनों के अंदर से ही सड़क किनारे खड़े लोगों का हाथ हिलाकर अभिवादन किया।
--------------
गांधी पार्क में शान से लहराता नजर आया तिरंगा
रुद्रपुर। विभिन्न देशों के डेलीगेट जब गांधी पार्क के पास से गुजरे तो तिरंगा शान से लहराता हुआ दिखा। गांधी पार्क में वर्ष 2021 में 151 फुट ऊंचा तिरंगा स्थापित किया गया था लेकिन बीते कुछ समय से तिरंगा नजर नहीं आ रहा था। जी20 को देखते हुए प्रशासन ने खाली पोल पर तिरंगा लगा दिया।
--------------
उत्तराखंड के उत्पादों से रूबरू हुए डेलीगेट्स
रुद्रपुर। पंतनगर एयरपोर्ट परिसर में जिला प्रशासन ने स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई गई थी। इनमें खटीमा की स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं की ओर से तैयार मूंज घास से तैयार वाल मिरर, बोहेनियन डिजाइन के कोस्टर, टेबल रनर, ऑफिस ट्रे, काफी टेबल, फूलदान, टोकरियां, सहित अन्य उत्पाद शामिल थे। इन महिलाओं ने दिल्ली से एनआईएफटी के डिजाइनरों से प्रशिक्षण लिया था। विभिन्न देशों के डेलीगेट्स ने उत्पादों को देखा और उनकी सराहना की। संवाद
----------
बाजपुर और केलाखेड़ा में काफिले का स्वागत
बाजपुर। विदेशी मेहमानों का काफिला जब बाजपुर से होकर गुजरा तो मुख्य मार्ग पर शहीद भगत सिंह चौक से इंटर कॉलेज गेट तक सड़क के दोनों ओर विद्यार्थी, एनसीसी कैडेट हाथ में जी-20 स्वागत के पोस्टर और तिरंगा लेकर खडे़ थे। काफिले के गुजरने से पहले प्रशासन की ओर से मुख्य मार्ग पर विशेष सफाई कराई गई। व्यापारियों ने भी दुकानों के आगे स्वागत के लिए फूलों के गमले और पोस्टर फ्लेक्स लगा रखे थे। केलाखेड़ा में हाईवे पर स्कूली बच्चों ने स्वागत किया। संवाद

----
जी-20 सम्मेलन में शिरकत करेंगे पंतनगर विवि के कुलपति

पंतनगर। जी-20 के तहत रामनगर में होने जा रहे मुख्य वैज्ञानिक सलाहकार के राउंड टेबल कार्यक्रम में जीबी पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. मनमोहन सिंह चौहान भी हिस्सा लेंगे। डॉ. चौहान पशुचिकित्सा विज्ञान के जाने-माने वैज्ञानिक हैं और क्लोनिंग के माध्यम से गाय-भैंस की उच्च उत्पादकता वाली नस्लों के विकास में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है। वह भारत की चार प्रतिष्ठित राष्ट्रीय अकादमी के फैलो भी हैं। अगस्त 2022 में पंत विवि में बतौर कुलपति कार्यभार ग्रहण करने से पूर्व वह भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के भारतीय बकरी अनुसंधान संस्थान मखदूम के निदेशक के अलावा राष्ट्रीय डेयरी अनुसंधान संस्थान करनाल के निदेशक और कुलपति के रूप में अपना योगदान दे चुके है। संवाद

----------
छह थानों के बीच से गुजरा 30 वाहनों का काफिला
- जिले के 350 स्पॉट पर तैनात रही पुलिस, नैनीताल और काशीपुर हाईवे पांच-पांच मिनट के लिए हुआ जीरो जोन
संवाद न्यूज एजेंसी

रुद्रपुर। पंतनगर एयरपोर्ट पर हवाई जहाज से उतरने के बाद पुलिस और कमांडो ने डेलीगेट को सुरक्षा घेरे में ले लिया। ड्यूटी में तैनात अधिकारियों के अलावा डेलीगेट के आसपास किसी को नहीं फटकने दिया गया। जिले में 350 जगहों पर पुलिस मुस्तैद रही। डेलीगेट्स के काफिले के निकलने के दौरान पड़ने वाले क्षेत्रों को पांच-पांच मिनट के लिए जीरो जोन में तब्दील किया गया। विरोध की आहट के बीच सुव्यवस्थित ढंग से डेलीगेट्स के जिले से निकलने के बाद पुलिस प्रशासन ने राहत की सांस ली। इस दौरान 30 वाहनों का काफिला छह थानों के बीच से निकला।
मंगलवार को रामनगर में जी-20 सम्मेलन में प्रतिभाग करने के लिए आए विदेशी मेहमान दोपहर करीब 1:30 बजे पंतनगर एयरपोर्ट पहुंचे। पुलिस और प्रशासन ने वहां उनकी सुरक्षा के सारे इंतजाम कर लिए थे। मेहमानों के आने से तीन घंटे पहले ही बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉयड ने एयरपोर्ट का निरीक्षण कर लिया था।
एयरपोर्ट पर स्वागत के बाद मेहमानों को कड़ी सुरक्षा के बीच डीलक्स बस से नैैनीताल रोड पर स्थित एक होटल ले जाया गया। इस दौरान होटल को पुलिस को पूरी तरह से छावनी में तब्दील कर दिया। होटल की छत से ले कर जमीन तक सिर्फ पुलिस ही दिखाई दी। होटल को जाने वाली सड़क को भी इस दौरान जीरो जाेन में तब्दील किया गया। सवा घंटे होटल में रुकने के बाद मेहमानों का काफिला रामनगर के लिए रवाना हुए।
जिले के पंतनगर, ट्रांजिट कैंप, रुद्रपुर, गदरपुर, केलाखेड़ा और बाजपुर के थाने की पुलिस मौजूद रही। 60 किलोमीटर के रूट पर हर चार सौ मीटर में पुलिस की तैनाती देखने को मिली। पूरे रूट पर 1500 से अधिक पुलिस कर्मी मौजूद रहे। मेहमानों के काफिले में लग्जरी बस के अलावा एक जैमर, एंबुलेस और पुलिस के वाहन मौजूद थे।
-----

डेलीगेट्स के काफिले को देखने हाइवे किनारे उमड़े लोग

रुद्रपुर। रुद्रपुर में परशुराम चौक से लेकर डीडी चौक समेत विभिन्न स्थानों पर हाइवे किनारे लोग काफिले को देखने के लिए एकत्र हुए। करीब एक घंटा इंतजार के बाद जैसे ही हाइवे को जीरो जोन किया गया तो लोगों की उत्सुकता बढ़ गई। कुछ देर बाद हाइवे पर गुजरते वाहनों की कतार देखकर लोग इस दृश्य का गवाह बनने के लिए दूर से सेल्फी लेने लगे, कई लोगों ने वीडियो बनाया। विदेशी मेहमानों ने गाड़ियों की खिड़कियों से हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया।

---
मदरसे के बच्चों ने विदेशी मेहमानों का 20 देशों के झंडों के साथ किया स्वागत

रुद्रपुर/केलाखेड़ा। विदेशी मेहमानों का इंदिरा चौक में मदरसा जामिआतुल हसनात रुद्रपुर के छात्र-छात्राओं ने हाथों में गुलाब के फूल और 20 देशों के झंडों के साथ स्वागत किया। जामियातुल हसनात के प्रबंधक व सचिव मुहम्मद फैजान रजा ने बताया कि जिले में अन्य कई विद्यालयों के साथ उत्तराखंड मदरसा शिक्षा परिषद की ओर से संचालित दो मदरसों को अतिथियों के स्वागत का यह सौभाग्य प्राप्त हुआ है। इसमें रुद्रपुर से जामियातुल हसनात व केलाखेड़ा से मदरसा गरीब नवाज हैं। केलाखेड़ा में एमजीएम इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने जी-20 में शामिल देशों के ध्वज दिखाकर मेहमानों का अभिवादन किया। दोराहा रोड पर गुरुद्वारा साहिब के सामने कमेटी पदाधिकारियों ने स्वागत किया। संवाद


विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed