{"_id":"6555e2d946e7b2052d0ae992","slug":"friend-cheats-friend-for-lakhs-in-rudrapur-2023-11-16","type":"story","status":"publish","title_hn":"दोस्त ही निकला चोर: कमरे से चुराए थे चार लाख रुपये, पुलिस ने आरोपी, उसके भाई और साले को किया गिरफ्तार","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
दोस्त ही निकला चोर: कमरे से चुराए थे चार लाख रुपये, पुलिस ने आरोपी, उसके भाई और साले को किया गिरफ्तार
Thu, 16 Nov 2023 03:07 PM IST
हीरा मेहरा
अमर उजाला नेटवर्क, ऊधम सिंह नगर
अमर उजाला नेटवर्क, ऊधम सिंह नगर
Published by: हीरा मेहरा
Updated Thu, 16 Nov 2023 03:07 PM IST
सार
ट्रांजिट कैंप में एक व्यक्ति को उसके ही दोस्त ने दगा दे दिया। पहले दोस्त ने उसकी जमीन बिकवाई और फिर प्लाॅट दिलवाने के बाद रजिस्ट्री के लिए रखे चार लाख रुपयों पर हाथ साफ कर दिया।
विज्ञापन
दोस्त ही निकला चोर
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
रुद्रपुर के ट्रांजिट कैंप में एक व्यक्ति को उसके ही दोस्त ने दगा दे दिया। पहले दोस्त ने उसकी जमीन बिकवाई और फिर प्लाॅट दिलवाने के बाद रजिस्ट्री के लिए रखे चार लाख रुपयों पर हाथ साफ कर दिया। पुलिस ने आरोपी सहित तीन लोगों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
विज्ञापन
बुधवार को एसपी सिटी मनोज कत्याल ने आवास विकास चौकी में बताया कि ग्राम बहरौली थाना मीरगंज बरेली और हाल राजा काॅलोनी निवासी तुलसीराम ने अपने दोस्त यशपाल गंगवार निवासी ग्राम करोरा, मीरगंज, बरेली पर उसके कमरे में रखे चार लाख रुपये चोरी करने का केस दर्ज कराया था। उसका कहना था कि 11 नवंबर की रात उसने चार लाख रुपये और कागज बैग में डालकर कमरे में रख दिये थे और रात में कमरे में वह, पत्नी और यशपाल सोए थे। 12 नवंबर की सुबह कमरे से रुपये गायब थे। मामले में छानबीन के बाद एसएचओ सुंदरम शर्मा की अगुवाई में टीम ने मंगलवार को मीरगंज के हुरहोरी चौराहे से यशपाल गंगवार और उसके भाई सुरेंद्र पाल गंगवार निवासी ग्राम करौरा थाना मीरगंज जिला बरेली को गिरफ्तार किया।
विज्ञापन
यशपाल के कब्जे से दो लाख रुपये, तुलसीराम का आधार कार्ड, सुरेन्द्र के कब्जे से एक लाख 30 हजार रुपये और मोबाइल बरामद हुआ। तीसरे आरोपी पवन निवासी ग्राम नथपुरा थाना मीरगंज बरेली को उसके घर से गिरफ्तार कर 40,000 रुपये बरामद किए। एसपी सिटी ने बताया कि पड़ोसी गांव का होने की वजह से तुलसीराम की यशपाल से दोस्ती थी।
विज्ञापन
यशपाल ने कुछ समय पहले तुलसीराम की जमीन आठ लाख रुपये में बिकवाने के बाद ट्रांजिट कैंप में दो प्लाॅट दिलवाए थे। इन प्लॉट पर मकान बनाने के लिए तुलसीराम ने अपनी तीन बीघा तीन बीसवा जमीन का सौदा जीतेंद्र से किया था। 10 नवंबर को रजिस्ट्री कराने के लिए यशपाल भी तुलसीराम के साथ तहसील गया था। रजिस्ट्री के बाद जीतेंद्र ने चार लाख रुपये तुलसीराम को दिए थे।
खुद पर 60,000 का कर्जा चुकाने के लिए उसने रुपये चोरी करने की साजिश रची। अपने भाई सुरेंद्र और रिश्ते के साले पवन को शामिल कर दिया। साजिश के तहत वह रजिस्ट्री कराने आए तुलसी और उसकी पत्नी को अपनी साथ बाइक पर उसके राजा काॅलोनी स्थित घर पर लाया था। उनके पीछे भाई और साला इसी दिन बाइक पर आकर घर देखकर गए थे।
वह तुलसी को ईंट, सरिया दिलाने के बहाने उसके घर पर ही रुक गया था। 12 नवंबर की रात उसने तुलसीराम के रुपयों की पन्नी को छत से नीचे फेंक दिया और भाई रुपये की पॉलीथिन उठाकर वहां से चला गया। एसपी सिटी ने खुलासा करने वाली टीम को 1500 रुपये का इनाम देने की घोषणा की है।
सीसीटीवी फुटेज से गहराया शक
तुलसीराम कमरे से रुपये चोरी होने से सकते में था और उसको यशपाल पर शक था लेकिन यशपाल के इनकार के बाद उसने मकान मालिक के घर पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखी तो रात दो बजे दो चोर उसमें दिखाई दिए थे। एक चोर रुपये की पन्नी ले जाता दिख रहा था। जिस पर पुलिस ने फुटेज खंगालने के साथ ही यशपाल की कॉल डिटेल खंगाली। इसके बाद पुलिस ने पुख्ता सबूत जुटाकर यशपाल और आरोपियों की गिरफ्तारी की। पुलिस ने बताया कि बचे हुए 30 हजार रुपये यशपाल ने किसी व्यक्ति को दे दिए थे।
फोन कर भाई को गेट पर बुलाया
यशपाल के मुताबिक भाई और साले को तुलसीराम का घर दिखा दिया था लेकिन चोरी वाली रात दोनों सह आरोपी राजा काॅलोनी में आकर घर भूल गए थे। जब उनको घर नहीं मिला तो यशपाल ने भाई को फोन कर घर का पता बताकर गेट पर बुलाया और छत से रुपयों से भरी पॉलीथिन नीचे फेंक दी थी।