जापान में ललित, स्पर्श, काजल ने लहराया भारत का झंडा
द वर्ल्ड शोतोकान कराटे फेडरेशन जापान के तत्वावधान में टोकियो में आयोजित कराटे प्रतियोगिता में ललित मोहन पांडे ने रजत तथा स्पर्श शर्मा व काजल गोस्वामी ने कांस्य पदक जीतकर देश, प्रदेश और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। ललित के रजत पदक जीतने पर सिटी कान्वेंट स्कूूल में खुशी का माहौल है और स्वागत की तैयारी हो रही है।
पूर्व विधायक व दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री गोपाल सिंह राणा के निर्देशन में टोकियो जापान पहुंची आठ सदस्यीय कराटे टीम ने एक रजत और दो कांस्य पदक जीते हैं। सिटी कान्वेंट स्कूल के छात्र ललित मोहन पांडे ने 11 वर्ष आयु वर्ग कुमिते में रजत पदक हासिल किया जबकि स्पर्श शर्मा ने इसी आयु वर्ग कांता में कांस्य पदक हासिल करने में सफलता हासिल की है। प्रतियोगिता में शिरकत करने गई एकमात्र बालिका काजल गोस्वामी ने 11 वर्ष आयु के बालिका वर्ग में कांस्य पदक हासिल कर नाम रोशन किया है। टोकिया से फोन पर टीम मैनेजर राणा और कोच वरिंदर सिंह महरोक ने बताया कि उनकी टीम ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए तीन मेडल हासिल किए हैं। उन्होंने बताया कि टीम 24 अगस्त को टोकियो से वापस लौटेगी इधर सिटी कान्वेंट स्कूल के एमडी एमसी उपाध्याय, प्रबंधक प्रवीन उपाध्याय, तिलक उपाध्याय सहित समस्त स्टाप और बच्चों ने खुशियां जताई।