Kashipur News: डीएम ने अधिकारियों के साथ की बैठक, कहा- अग्निशमन विभाग दिवाली से पहले सभी हाईड्रेंट दुरुस्त करे
डीएम उदयराज सिंह ने अग्निशमन विभाग के एफएसओ गोविंद राम आर्य को निर्देश दिए कि दिवाली से पहले सभी हाईड्रेंट दुरुस्त करें। जिलाधिकारी ने शनिवार को नगर निगम में अधिकारियों के साथ बैठक की।
विस्तार
जिलाधिकारी उदयराज सिंह ने अग्निशमन विभाग के एफएसओ गोविंद राम आर्य को निर्देश दिए कि दिवाली से पहले सभी हाईड्रेंट दुरुस्त करें। जिलाधिकारी ने शनिवार को नगर निगम में अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि यदि कहीं पानी की समस्या है तो जल संस्थान से संपर्क करके उसका निस्तारण कर लें। जल निगम के ईई शिवम द्विवेदी ने बताया कि क्षेत्र में छह योजना चल रही हैं, जिसमें से पांच योजना जल संस्थान को स्थानांतरित कर दी गई हैं।
इससे पहले जिलाधिकारी ने नगर निगम के ट्रंचिंग ग्राउंड का स्थलीय निरीक्षण किया। जहां अनियमितता पर नाराजगी जताते हुए कहा कूड़ा का निस्तारण को सही से कराया जाए। सीओ अनुषा बडोला को निर्देशित किया कि ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त रखी जाए। इस दौरान एडीएम पंकज उपाध्याय, एसडीएम अभय प्रताप सिंह, तहसीलदार पंकज चंदौला, नगर आयुक्त विवेक राय, सीओ अनुषा बड़ोला, लोनिवि के ईई अरुण कुमार आदि मौजूद रहे।
अग्निशमन विभाग के छह हजार लीटर का हाईटेक वाहन मिला
अग्निशमन विभाग को छह हजार लीटर क्षमता का एक नया हाईटेक वाहन मिला है। यह वाहन दो मंजिला पर लगी आग बुझाने में सक्षम होगा। अग्निशमन विभाग के एफएसओ गोविंद राम आर्य ने बताया कि वाहन की क्षमता अन्य फायर वाहनों से ढाई हजार लीटर अधिक है। बताया कि पहले के वाहनों में पानी की क्षमता ढाई हजार से साढ़े चार हजार तक होती है, लेकिन इस हाईटेक वाहन की क्षमता छह हजार लीटर की है। साथ ही वाहन में हाईटेक हाईमास्क लाइट्स लगी है।