तीन हजार पेंशन, तीन लाख की मांग: दिव्यांग दंपती को मिला पीएम आवास, पर पक्के घर का सपना अधूरा; सीएम से गुहार
एक पैर से दिव्यांग मुकेश और दृष्टिहीन सीमा तीन हजार की पेंशन पर गुजर-बसर करते हैं। पीएम आवास योजना में घर तो आवंटित हुआ, लेकिन तीन लाख जमा करना इनके बूते के बाहर है। अब दंपती ने सीएम से आर्थिक मदद की गुहार लगाई है।
विस्तार
सड़क किनारे बनी छोटी झोपड़ी मुकेश और सीमा का संसार है। मुकेश एक पैर से दिव्यांग हैं और सीमा दोनों आंखों से देख नहीं सकतीं। प्रधानमंत्री आवास योजना में नाम आने के बाद तीन हजार रुपये मासिक पेंशन से गुजर-बसर करने वाले दंपती के सामने तीन लाख रुपये जुटाने की चुनौती आ खड़ी हुई है।
मुकेश और सीमा एक-दूसरे का सहारा हैं और मिलकर अपने घर का सपना देखते हैं। मुकेश ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना में उनका नाम आने और आवास आवंटित होने से पक्के घर की उम्मीद जगी थी। उन्हें क्यू-016 नंबर का आवास आवंटित हुआ है लेकिन इसके लिए तीन लाख रुपये जमा करने होंगे।
मुकेश के मुताबिक न उनके पास पैतृक संपत्ति है और न आय का कोई दूसरा साधन। दोनों की तीन हजार रुपये की मासिक पेंशन से घर का खर्च चलता है। ऐसे में तीन लाख रुपये जुटाना उनके लिए संभव नहीं है। उन्होंने डीएम और मुख्यमंत्री से आर्थिक मदद दिलाकर आवास उपलब्ध कराने की गुहार लगाई है।
मंगलवार को मुकेश और सीमा अपनी फरियाद लेकर कलक्ट्रेट पहुंचे। डीएम नितिन सिंह भदौरिया के कार्यालय में मौजूद न होने पर उन्होंने एडीएम निर्मला बिष्ट को अपनी पीड़ा बताई और डीएम के नाम प्रार्थना पत्र सौंपा।
पति का हौसला बन गईं सीमा
मुकेश बचपन से ही एक पैर से दिव्यांग हैं। उन्होंने जीवनसाथी के रूप में ऐसी महिला को चुनने का फैसला किया जिसका जीवन संवार सकें। वर्ष 2013 में रिश्तेदारी में सीमा से मुलाकात हुई। सीमा बचपन से ही दोनों आंखों से देख नहीं सकती थीं। मुकेश ने उन्हें अपना जीवनसाथी बनाया। तब से मुकेश अपनी पत्नी की आंखें बने हैं तो सीमा उनके लिए हौसला बन गईं।
लाभार्थी को चुकाना है पचास प्रतिशत हिस्सा
प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत रुद्रपुर में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए 1872 फ्लैट बनाए जा रहे हैं। प्रत्येक फ्लैट की कुल लागत करीब छह लाख रुपये है। इसमें लाभार्थी को पचास प्रतिशत यानी तीन लाख रुपये देने हैं। डेढ़-डेढ़ लाख रुपये की सब्सिडी केंद्र और राज्य सरकार की ओर से दी जाएगी। करीब 28 वर्ग मीटर क्षेत्रफल के प्रत्येक फ्लैट में बेडरूम, ड्राइंग रूम, किचन, शौचालय, स्नानघर और बरामदा बनाया गया है।
बागवाला में बन रही आवासीय परियोजना
रुद्रपुर के ग्राम बागवाला में करीब 6.02 हेक्टेयर भूमि पर यह आवासीय परियोजना विकसित की जा रही है। इसमें 23 बहुमंजिला ब्लॉक बनाए गए हैं। उपलब्ध जानकारी के अनुसार 832 फ्लैट तैयार हो चुके हैं, जबकि 512 अन्य फ्लैटों में अंतिम चरण का काम चल रहा है। परियोजना मुख्य बाजार से करीब तीन किलोमीटर, बस स्टेशन से छह किलोमीटर और रेलवे स्टेशन से आठ किलोमीटर दूर है।
सर्दी, गर्मी और बारिश में झोपड़ी के भीतर गुजर-बसर करना बेहद कठिन है। हमारा चयन प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए हुआ है। थोड़ी मदद मिल जाए तो हमारे जीवन की सबसे बड़ी जरूरत पूरी हो सकती है। -मुकेश और सीमा
दिव्यांग दंपती का प्रकरण मार्मिक और संवेदनशील विषय है। नियमानुसार हरसंभव मदद की जाएगी। किसी भी पात्र दिव्यांग को आवास से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा। -नितिन सिंह भदौरिया, डीएम
