काशीपुर। डीआईजी नीलेश आनंद भरणे के जनसंवाद कार्यक्रम में सीपीयू ही निशाने पर रही। कार्यक्रम में बुलाए गए लोगों ने कहा कि चालान के नाम पर सीपीयू लोगों को नाहक ही परेशान करती है। सीपीयू की एमवी एक्ट की पॉवर सीज की जाए। इसके अलावा शहर में सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए। डीआईजी ने सीपीयू को यातायात व्यवस्थित करने के निर्देश दिए।
डीआईजी भरणे शुक्रवार को रामलीला के सभागार में लोगों की समस्याएं सुनने पहुंचे थे। विभिन्न राजनैतिक दलों और संगठनों से जुड़े लोगों ने उनके समक्ष अपने सुझाव रखे। कांग्रेस नेता संजय चतुर्वेदी ने कहा कि सीपीयू की चेकिंग शहर के बाहर हो। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष इंदर सिंह ने सीपीयू से एमवी एक्ट की पॉवर वापस लेने का सुझाव दिया। कांग्रेस महानगर अध्यक्ष संदीप सहगल ने कहा कि खड़कपुर देवीपुरा से रामनगर रोड तक द्रोण माइनर को बाइपास के रूप में विकसित किया जाए ताकि आबादी क्षेत्रों को यातायात के दबाव से मुक्त रखा जा सके। पार्षद गुरविंदर सिंह चंडोक ने पशुओं को लावारिस छोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने का सुझाव किया। कांग्रेस के रवि ढींगरा, पार्षद रवि प्रजापति, पार्षद राजकुमार सेठी और दिलप्रीत सेठी ने भी सुझाव दिए। यहां एसएसपी दलीप सिंह कुंवर, एसपी प्रमोद कुमार, सीओ एपी कोंडे, एसडीएम आकांक्षा वर्मा के अलावा विधायक हरभजन सिंह चीमा, महेश अग्रवाल, हसीन खान, मुशर्रफ हुुुसैन, राजीव, मंसूर अली, उदित अग्रवाल, हेमा कुमारी आदि थे।