ऊधमसिंह नगर में बेकाबू डंपरों पर नहीं लग पाई पुलिस की लगाम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सड़कों पर मौत का तांडव खेल रहे डंपर चालकों पर पुलिस का नियंत्रण नहीं होने से आए दिन लोगों का लहू सड़कों पर बह रहा है। पुलिस की कार्यशैली सिर्फ खानापूर्ति तक ही सीमित रहती है। पुलिस के मुताबिक जसपुर से लेकर खटीमा तक 24 महीने के अंतराल में करीब 100 से अधिक लोग डंपर का शिकार हो चुके हैं। डंपर चालकों के भीतर भी पुलिस का कोई भय नहीं रहा।
खनन के खेल में डंपर चालक इतने अंधे हो चुके हैं कि उन्हें इंसान के मरने तक का मलाल नहीं होता। डंपर चालकों के लिए लोगों की जिंदगी का जैसे कोई मूल्य नहीं। किच्छा में मंगलवार को जो घटना घटी वह सीधे तौर पर डंपर चालक की घोर लापरवाही को दर्शाती है। चार जिंदगियों को रौंदते हुए डंपर चालक बेखौफ मौके से बच भी निकला, हालांकि बाद में कार्यदायी संस्था के प्रबंधन ने आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया। इतनी बड़ी घटना के बाद भी तराई की सड़कों पर अभी भी डंपरों की गति और ओवरलोडिंग पर कोई नियंत्रण नहीं है। अवैध खनन के खेल में अधिक से अधिक चक्कर लगाने के फेर में डंपर चालक तेज गति से डंपर दौड़ा देते हैं।
नदियों में खनन माफियाओं ने अपना जाल ऐसा बिछाया कि दिन ही नहीं रात में भी अवैध खनन का बड़ा खेल चलता रहा और इसमें स्थानीय पुलिस की भूमिका भी माफियाओं से सांठगांठ में लिप्त पाई गई। ऊधमसिंह नगर के एसएसपी डॉ. सदानंद दाते डंपरों पर नियंत्रण के लिए योजना बनाने का दावा कर रहे हैं। हालांकि जिले में कितने ही पुलिस कप्तान आए, लेकिन ओवरलोडिंग और डंपरों पर किसी का भी नियंत्रण नहीं रहा है।
20 से 50 रुपये तक में चलता पुलिस का खेल
खनन से ओवरलोड डंपर चालक पुलिस के नाके ओर चेकिंग प्वाइंटों पर मात्र 20 से लेकर 50 रुपये में पुलिस की जेब गरम करते हैं और पुलिस कर्मी आसानी से गाड़ी को आगे जाने देते हैं। इसके बाद डंपर चालक का हौंसला इतना बढ़ जाता है कि वह अपने वाहन की गति को बेकाबू होकर सड़कों पर दौड़ा देता है। एसएसपी डॉ. सदानंद दाते भी इस बात को मानते हैं कि कुछ पुलिस कर्मियों की लापरवाही और संलिप्तता के कारण पूरा पुलिस महकमा बदनाम हो रहा है।
ठोस नीति बनाऊंगा, कठोर कार्रवाई करूंगा : एसएसपी
एसएसपी डॉ. सदानंद दाते का कहना है कि ओवरलोडिंग और तेज रफ्तार से पूरे जिले में चलने वाले डंपरों और उनके चालकों सहित मालिकों पर भी कार्रवाई के लिए ठोस नीति बनाकर इस दिशा में कठोर कार्रवाई की जाएगी। डंपरों की गति पर नियंत्रण के लिए पुलिस कर्मियों को भी जगह-जगह तैनात कर दिया जाएगा।
किच्छा घटना की हो रही है तकनीकी जांच
एसएसपी डॉ. सदानंद दाते ने मंगलवार को डंपर से चार लोगों की दर्दनाक मौत के मामले को गंभीरता से लिया है। उन्होंने किच्छा थाना प्रभारी से 24 घंटे के भीतर इस घटना की पूरी तकनीकी जांच रिपोर्ट मांगी है। उन्होंने कहा कि मौके के पूरे स्केच भी तैयार किए जा रहे हैं। डंपर चालक के दोषी पाए जाने पर उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। साथ ही कार्यदायी संस्था से भी पूरी पड़ताल की जाएगी।