बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश, 11 बाइक बरामद
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पुलिस ने बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश कर दो लोगों को गिरफ्तार किया है। उनसे चोरी की 11 बाइक, दो अवैध तमंचे और तीन जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं। एसएसपी नीलेश आनंद भरणे ने थाने पहुंचकर मामले का खुलासा किया और टीम को इनाम देने की घोषणा की है। मुकदमा दर्ज कर दोनों को जेल भेज दिया गया है।
थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार राणा के दिशा निर्देशन में उपनिरीक्षक अनिल आर्य दोपहर करीब तीन बजे सकैनिया पुलिस चौकी के सिपाही सुभाष चंद, गोविंद सिंह, बलवंत सिंह मनराल, विजय सिंह, राजेंद्र सिंह और दिगंबर प्रसाद सकैनिया-मिलकखानम मार्ग पर चेकिंग कर रहे थे। इस बीच ग्राम अब्दुल्ला नगर मोड़ के पास उन्हें दो बाइकों पर चार युवक आते दिखायी दिए। पुलिस को देख उन्होंने बाइक वापस मोड़ ली और भागने लगे। इस पर पुलिस टीम ने पीछा कर बिना नंबर की एक हीरो स्पलैंडर पर सवार दो युवकों को दबोच लिया, लेकिन दूसरी बाइक पर सवार दोनों युवक फरार हो गए।
पुलिस ने पकड़े गए युवक रिंकू पुत्र मलूक सिंह निवासी कलकत्ती थाना गदरपुर और अमरजीत उर्फ अंबू पुत्र कुलदीप सिंह निवासी कामरेड का डेरा गुलाबसिंह का मझरा थाना केलाखेड़ा की तलाशी ली तो उनके पास से 315 बोर के दो अवैध तमंचे और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए। पुलिस के सख्ती से पेश आने पर उन्होंने उक्त बाइक रामपुर (यूपी) क्षेत्र से चोरी करना स्वीकार किया। साथ ही बताया कि वे लंबे समय से बाइक चोरी की घटनाओं में लिप्त हैं। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर सीमावर्ती पीपली जंगल में छापा मारकर 10 बाइकें बरामद कीं। फरार हुए युवकों की पहचान रंजीत सिंह उर्फ रानू पुत्र प्रीतम सिंह और अमरीक सिंह उर्फ डॉक्टर पुत्र गुरमुख सिंह निवासी ग्राम कलकत्ती थाना गदरपुर बताई। पुलिस उनकी तलाश में भी जुट गई है।