जसपुर: कक्षा नौ के छात्र पर चाकू से हमला, स्कूल में किताब और बैठने को लेकर हुआ था विवाद, पुलिस कर रही पूछताछ
जसपुर में कक्षा नौ के दो छात्रों के बीच विवाद के दौरान एक छात्र ने अपने सहपाठी पर चाकू से हमला कर घायल कर दिया। घायल छात्र कोतवाली पहुंचा, जहां से पुलिस ने उसे सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया।
विस्तार
जसपुर में कक्षा नौ के दो छात्रों के बीच विवाद के दौरान एक छात्र ने सहपाठी पर चाकू से हमला कर घायल कर दिया। घटना के बाद घायल छात्र किसी तरह कोतवाली पहुंचा जहां से पुलिस ने उसे सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। क्षेत्र में पिछले 14 दिनों में चाकूबाजी की यह तीसरी घटना है और तीनों ही घटनाएं नाबालिगों के बीच हुई हैं।
सीमा क्षेत्र के ग्राम भायपुर, थाना ठाकुरद्वारा जनपद मुरादाबाद (यूपी) निवासी प्रशांत कुमार (15) पुत्र सुदेश कुमार जसपुर में रहकर पढ़ाई करता है। वह भूतपुरी मार्ग स्थित ओपी सिंह इंटर कॉलेज में कक्षा नौ का छात्र है। आरोप है कि इसी कक्षा के 16 वर्षीय सहपाठी के साथ किताब और कक्षा में बैठने को लेकर उसका विवाद हो गया था। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ने छुट्टी के बाद एक-दूसरे को देख लेने की धमकी दी।
छुट्टी के बाद स्कूल के बाहर दोनों के बीच फिर कहासुनी हुई। आरोप है कि इसी दौरान सहपाठी ने प्रशांत पर चाकू से वार कर दिया। चाकू प्रशांत की बांह पर लगा जिससे वह लहूलुहान हो गया। घटना के बाद वह किसी तरह कोतवाली पहुंचा और पुलिस को आपबीती बताई। पुलिस ने उसे सरकारी अस्पताल पहुंचाया। सीएमएस डॉ. धीरेंद्र मोहन गहलोत ने बताया कि प्राथमिक उपचार के बाद छात्र को घर भेज दिया गया है।
घर से लाया था सब्जी काटने वाला चाकू
प्रथम दृष्टया जांच में सामने आया है कि सहपाठी छात्र अपने घर से सब्जी काटने वाला चाकू लाया था। इसी से उसने प्रशांत पर हमला किया। आरोपी छात्र से पूछताछ की जा रही है। सूत मिल चौकी प्रभारी एसआई राजेंद्र प्रसाद मामले की जांच की जा रही है।
मामले में फिलहाल अभी कोई तहरीर नहीं आई है। तहरीर आने पर वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। - प्रशांत कुमार, सीओ जसपुर
जसपुर में नाबालिगों के हाथों नाबालिग ही निशाने पर, 14 दिन में चाकूबाजी के तीन मामले
पिछले 14 दिनों में जसपुर क्षेत्र में चाकूबाजी की तीन घटनाएं सामने आई हैं। चिंता की बात यह है कि तीनों मामलों में नाबालिगों ने अपने ही हमउम्र के साथियों पर चाकू से हमला किया। एक मामले में 14 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई जबकि दो घटनाओं में नाबालिग घायल हुए। खेल, बैठने और छोटी-छोटी बातों को लेकर शुरू हो रहे विवाद चाकूबाजी तक पहुंचने से बच्चों में बढ़ती हिंसक प्रवृत्ति पर सवाल खड़े कर रहा है।
लगातार सामने आ रही इन घटनाओं में एक समानता यह है कि विवाद की शुरुआत बेहद मामूली बातों से हुई लेकिन देखते ही देखते मामला चाकू चलाने तक पहुंच गया। तीनों मामलों में हमलावर और पीड़ित की उम्र भी लगभग आसपास रही। नाबालिगों के बीच बढ़ती आक्रामकता और छोटी बात पर हिंसा का यह सिलसिला अभिभावकों, स्कूलों और समाज के लिए गंभीर चिंता का विषय बन गया है। संवाद
केस-1 : खेलते समय हुआ विवाद, 12 वर्षीय ईशान की चली गई जान
30 अगस्त को मोहल्ला पूर्वी छीपियान जटवारा में खेलते समय हुए मामूली विवाद में मोहल्ले के ही 11 वर्षीय विधि विवादित बच्चे ने 12 वर्षीय मोहम्मद ईशान पर चाकू से हमला कर दिया था। गंभीर रूप से घायल ईशान की इलाज के दौरान मौत हो गई थी। पुलिस ने विधि विवादित बच्चे के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसे किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया था।
केस-2 : मामूली बात पर 12 वर्षीय अंसार पर चाकू से हमला
आठ सितंबर को मोहल्ला इमरान चौक निवासी 12 वर्षीय अंसार अहमद पर मोहल्ले के ही करीब 12 वर्षीय विधि विवादित बच्चे ने मामूली बात को लेकर चाकू से हमला कर दिया था। अंसार घायल हो गया था। बाद में मोहल्ले के संभ्रांत नागरिकों की मौजूदगी में मामले का पटाक्षेप करा दिया गया लेकिन घटना ने बच्चों के बीच बढ़ते विवादों को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए।
केस-3 : कक्षा में शुरू हुआ विवाद, छुट्टी के बाद सहपाठी को मारा चाकू
12 सितंबर को भूतपुरी मार्ग स्थित ओपी सिंह इंटर कॉलेज में कक्षा नौ के दो सहपाठियों के बीच किताब और कक्षा में बैठने को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि छुट्टी के बाद 16 वर्षीय छात्र ने अपने 15 वर्षीय सहपाठी प्रशांत कुमार पर चाकू से वार कर दिया। चाकू बांह पर लगने से प्रशांत घायल हो गया। वह खुद कोतवाली पहुंचा, जहां से पुलिस ने सरकारी अस्पताल में उसका इलाज कराया।