काशीपुर। बसपा लोकसभा क्षेत्र के कार्यकर्ता सम्मलेन में चुनाव की तैयारियों को लेकर चर्चा की गई। सम्मेलन में विधानसभा क्षेत्र वार प्रभारियों की नियुक्ति की गई। चुनाव की रणनीति तैयार करने के लिए बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया गया।
मुरादाबाद रोड स्थित एक होटल में सोमवार को आयोजित बसपा लोस क्षेत्र सम्मेलन में प्रदेश प्रभारी शमशुद्दीन राइन ने कहा कि उत्तराखंड की जनता कांग्रेस और भाजपा की नीतियों से त्रस्त है। राज्य में एक मजबूत राजनैतिक विकल्प की दरकार है। ऐसे में बसपा से ही लोगों को उम्मीदें हैं। उन्होंने बूथ और सेक्टर कमेटियों के गठन पर जोर दिया। बसपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेश गौतम ने जिले की सभी विधानसभाओं में प्रभारी नियुक्त किए जाने की मांग की। सम्मेलन में अरुण कुमार गौतम जसपुर, शमशुद्दीन काशीपुर, लेखराज गौतम व डॉ. एमए राहुल बाजपुर, सतपाल सिंह गदरपुर, चंद्रकेशव राव रुद्रपुर, अशरफ एड किच्छा, भीष्म नारायण सितारगंज, भृगराशन राव नानकमत्ता और अरविंद कुमार को खटीमा का प्रभारी नियुक्त किया गया है। सम्मेलन में संजय शिल्पकार को पार्टी का महानगर अध्यक्ष व रामेंद्र सिंह को जिला सहसंयोजक नियुक्त किया गया। वहां नगीना सांसद गिरीश चंद्र जाटव, मौ. हाशिम, अख्तर अली माहीगीर, खूब सिंह, कृष्ण कुमार गौतम, दलवीर सिंह, इंद्रपाल सिंह, मुखराज सिंह, धर्मेद्र सिंह, मोहम्मद शमीम, इकबाल सिद्दीकी, दिनेश चंद्र आर्य आदि मौजूद रहे।