नानकमत्ता। गुरुद्वारा श्री नानकमत्ता साहिब के सभागार में बृहस्पतिवार को ऑल इंडिया सिख प्रतिनिधि बोर्ड के उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड के बैठक संपन्न हुई। राष्ट्रीय अध्यक्ष हरपाल सिंह जग्गी ने कहा कि सिख पंथ में जैसे लंगर का महत्व है वैसे ही अब समाज में शिक्षा का लंगर बांटने की आवश्यकता है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्रीय अध्यक्ष हरपाल सिंह जग्गी तथा संचालन प्रमुख राष्ट्रीय सचिव कुलदीप सिंह भुल्लर ने की। संचालन कर रहे प्रदेश महासचिव ने उच्च शिक्षा के लिए कारसेवा और गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सहयोग से जिला स्तर पर स्किल डेवलपमेंट कोचिंग सेंटर खोलने की आवश्यकता पर जोर दिया। बताया कि समाज के आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को दसवंद फाउंडेशन के सहयोग से आर्थिक सहायता दी जाएगी। बैठक में दसवंद फाउंडेशन का अध्यक्ष कैप्टन आत्मा सिंह को बनाया गया। बोर्ड के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह फलोदिया ने भारत सरकार से कनाडा, अमेरिका, रूस आदि देशों की तर्ज पर भारत में भी एससी व एसटी की तरह सिखों के दस्तार तथा ककारों की बेअदबी पर सख्त सजा का कानून बनाने की मांग की। बैठक में हरप्रीत सिंह को राष्ट्रीय सचिव, सुखदेव सिंह भुल्लर को उत्तराखंड का प्रवक्ता, इंद्र प्रकाश सिंह तथा रमनजीत सिंह को नानकमत्ता टाक्स फोर्स का प्रधान नियुक्त किया गया। गुरुद्वारा श्री नानकमत्ता साहिब के प्रबंधक कमेटी के प्रधान सेवा सिंह ने संगठन की मजबूती के लिए हर तरह का सहयोग का आश्वासन दिया। वहां दलजीत सिंह, हरजीत सिंह, अमरजीत सिंह, कुलवंत सिंह, अमर सिंह, बलदेव सिंह, मनजीत सिंह आदि मौजूद थे।