Uttarakhand Accident: सब्जी पिकअप ने बाइक सवार तीन छात्रों को रौंदा, एक की मौत; दो गंभीर घायल
बाजपुर रोड पर एक सब्जी से भरी पिकअप ने बाइक सवार तीन छात्रों को रौंद डाला। हादसे में एक छात्र की मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल है। पुलिस ने पिकअप चालक को हिरासत में लिया है।
विस्तार
काशीपुर/सुल्तानपुर पट्टी। आईटीआई कोतवाली क्षेत्र में स्कूल जा रहे तीन छात्रों को सब्जी से भरे तेज रफ्तार कैंटर ने टक्कर मार दी। हादसे में एक छात्र की घटनास्थल पर मौत हो गई जबकि दो छात्र गंभीर रुप से घायल हो गए। घायलों को सरकारी अस्पताल लाया गया जहां हालत गंभीर होने पर दोनों को हायर सेंटर रेफर कर दिया। पुलिस ने कैंटर को कब्जे में ले लिया जबकि चालक मौके से भाग गया।
आईटीआई कोतवाली क्षेत्र के ग्राम दभौरा मुस्तहकम निवासी अक्षय (15) पुत्र रामौतार व शिवम कुमार (15) पुत्र मनोज सिंह को बासु (17) पुत्र राजेंद्र बृहस्पतिवार सुबह करीब पौने सात बजे बाइक से पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज बरखेड़ी लोहियापुल छोड़ने जा रहा था। ग्राम दभौरा मुस्तहकम से कुछ दूरी पर सब्जी से भरे तेज रफ्तार कैंटर ने टक्कर मार दी।
टक्कर लगने से शिवम कुमार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई जबकि उसके साथी अक्षय और बासु गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंचें परिजन व ग्रामीण दोनों घायलों को एलडी भट्ट उप जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे जहां दोनों की हालत गंभीर होने पर उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। परिजनों दोनों घायल छात्रों को मुरादाबाद रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है।
हादसे में घायल चचेरे-तहेरे भाई है
परिजनों ने बताया हादसे में घायल बासु और अक्षय आपस में चचेरे-तहेरे भाई हैं। बासु उदयराज हिंदू इंटर कॉलेज में कक्षा 11वीं का छात्र है। घायल शिवम पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज बरखेड़ी लोहिया पुल में 10वीं का छात्र है और मृतक शिवम कुमार भी 10वीं का छात्र था। हादसे से परिवार में कोहराम मच गया।
घटना से गांव में मातम पसरा
मृतक शिवम कुमार के परिजनों ने बताया वह पांच भाई-बहनों में चौथे स्थान पर था। पिता मनोज सिंह, मां वीरवती, बड़ा भाई मनीष (18), बहन रोशनी (20), चांदनी (18) व कामिनी (13) का रो-रोकर बुरा हाल है। पिता मेहनत-मजदूरी करके बच्चों की पढ़ाई लिखाई करा रहे थे। वहीं असमय घटी घटना से गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे की सूचना मिलते ही आईटीआई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया जा रहा है छात्र बासु ने आज स्कूल से छुट्टी कर ली थी और अक्षय व शिवम को स्कूल छोड़ने जा रहा था। सीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि हादसे के बाद कैंटर को कब्जे में ले लिया है। परिजनों को ओर से अभी कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों की सुपुर्दगी में दे दिया है।
हादसे को लेकर ग्रामीणों में रोष
ग्रामीणों ने बताया क्षेत्र में बड़े वाहन चालक तेज रफ्तार में वाहनों को चलाते हैं। आए दिन कोई न कोई घायल हो जाता है। लगभग डेढ़-दो साल पहले तीन-चार महीने में तीन लोगों की मौत के बाद क्षेत्रवासियों में रोष फैल गया था। तब लोगों की मांग पर दो होमगार्ड की ड्यूटी लगाई गई थी। वाहन चालकों का उनका कोई खौफ नहीं रहता है। मांग की गांव के आसपास स्पीड ब्रेकर बनाए जाए ताकि बड़े वाहन चालक नियंत्रण स्पीड में वाहनों को गांव के पास से गुजारे।