{"_id":"a2a4314ef95cbfece78e56decf0924b0","slug":"travelers-will-go-kedarnath-in-batches-from-sonprayag","type":"story","status":"publish","title_hn":"केदारनाथः जत्थों में चलेंगे यात्री, पुलिस भी होगी साथ","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
केदारनाथः जत्थों में चलेंगे यात्री, पुलिस भी होगी साथ
अमर उजाला, रुद्रप्रयाग
Updated Wed, 02 Oct 2013 06:10 PM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पांच अक्तूबर से प्रस्तावित केदारनाथ धाम यात्रा की तैयारियां जोरों पर हैं। तीर्थयात्री सोनप्रयाग से जत्थे के रुप में आगे बढेंगे। भीमबली पहला और लिनचौली दूसरा पड़ाव होगा।
विज्ञापन
दोनों पड़ावों में 130 यात्रियों के ठहरने और खाने की व्यवस्था होगी। यात्रियों की सुविधा के लिए गौरीकुंड में एक डाक्टर और फार्मासिस्ट की तैनाती भी कर दी गई है।
विज्ञापन
यात्रियों के साथ चलेंगे पुलिस के जवान
केदारनाथ यात्रा को लेकर सरकार फूंक-फूंक कर कदम बढ़ा रही है। सोनप्रयाग में पुलिस चौकी स्थापित की गई है। यहां से यात्रियों के जत्थे के साथ पुलिस के जवान रेडियो सेट लेकर चलेंगे।
विज्ञापन
गौरीकुंड से छह किमी. दूर स्थित भीमबली को पहला पड़ाव बनाया गया है। यहां एक बार में 30 यात्रियों के ठहरने की व्यवस्था की गई है। इंसुलेटेड टेंट, बेड और गर्म बिस्तर का यहां प्रबंध होगा। भोजन की भी व्यवस्था रहेगी। यहां भी पुलिस चौकी स्थापित की गई है जिसमें एक पुलिस दारोगा और छह जवान तैनात किए गए हैं।
मंदाकिनी पर बना पुल
भीमबली से मंदाकिनी नदी को पार करना होगा। इसके लिए चार फीट चौड़ा पुल बनाया गया है। दूसरा पड़ाव लिनचौली बनाया गया है। यहां पर लगभग 100 लोगों के टेंट में रहने की व्यवस्था है। यहां डॉक्टर, पुलिस और प्रशासन के कर्मचारी भी तैनात होंगे।
यहां प्रशासन द्वारा नि:शुल्क लंगर की व्यवस्था की गई है। यहां से लगभग साढे़ चार किमी. चढ़ाई चढ़ने के बाद यात्रियों का जत्था गरुड़चट्टी कैंप पहुंचेगा। यहां प्री फेब्रिकेटेड हट्स और टेंटों में 50-50 यात्रियों के ठहरने की व्यवस्था है। गरुड़चट्टी में भी खाने की नि:शुल्क व्यवस्था है।
तीन किमी. घट जाएगी दूरी
बीआरओ तीन अक्तूबर तक सोनप्रयाग से तीन किलोमीटर आगे तक केदारनाथ हाईवे को यातायात के लिए खोल देगा। मार्ग खुलने से केदारनाथ की पैदल दूरी 23 किलोमीटर से घटकर 20 किलोमीटर रह जाएगी।
गुप्तकाशी में होगा स्वास्थ्य परीक्षण
केदारनाथ जाने के लिए अनुमति पत्र गुप्तकाशी स्थित राहत आयुक्त ऑफिस से मिलेगा। राजकीय एलोपेथिक अस्पताल गुप्तकाशी में केदारनाथ जाने वाले यात्रियों का नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा।
धाम को नियमित हवाई सेवाएं
गौरीकुंड, भीमबली, लिनचोली, गरुड़चट्टी और केदारनाथ में हेलीपैड बनाए गए हैं। जिलाधिकारी केमुताबिक धाम के लिए हवाई सेवाएं भी नियमित रूप से चलेंगी। इसमें गुप्तकाशी से दो और देहरादून से एक हेलीकाप्टर उड़ान भरेगा।
सोनप्रयाग में प्रीपेड बुकिंग
केदारनाथ यात्रा में तीर्थयात्रियों के लिए घोड़े-खच्चरों की सुविधा उपलब्ध रहेगी। सोनप्रयाग में घोड़े-खच्चरों की प्रीपेड बुकिंग की व्यवस्था की गई है। मुख्य विकास अधिकारी डा. आएस पोखरिया ने बताया कि सीमित संख्या में रजिस्ट्रेशन किया जाएगा।