भिलंगना ब्लॉक के निवालगांव, मरवाड़ी गांव के ऊपर स्थित जरालताल, मंजियाड़ा ताल में पर्यटन गतिविधियां बढ़ाने के लिए पर्यटन, वन और राजस्व विभाग के अधिकारियों ने स्थलीय निरीक्षण कर वहां पर कराए जाने वाले कार्यों का सर्वे किया।
स्थानीय निवासी वीरेंद्र बिष्ट, मालचंद ने जरालताल, मंजियाड़ा ताल को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने के लिए मुख्यमंत्री को पत्र भेजा था, जिसके बाद डीएम इवा आशीष श्रीवास्तव के निर्देश पर साहसिक पर्यटन अधिकारी एसएस राणा, सहायक पर्यटन अधिकारी विजय राणा, गीता चौहान, वन रेंजर प्रदीप चौहान, देवेंद्र नैथानी, राजस्व उप निरीक्षक जीएस रावत ने शुक्रवार को जरालताल, मंजियाड़ा ताल का निरीक्षण किया। टीम के सदस्य साहसिक पर्यटन अधिकारी राणा ने बताया कि क्षेत्र में यात्री सेड, व्यू प्वाईंट, झील सौंदर्यीकरण, बेंच, ट्रेकिंग रूट मार्ग बनाए जाने की संभावना है। कहा कि भ्रमण की रिपोर्ट प्रशासन को उपलब्ध कराई जाएगी। ग्रामीणों ने बताया वर्ष 2011 में सीएम घोषणा में मरवाड़ी-जरालताल-मंजियाड़ा ताल तीन किमी मोटर मार्ग की स्वीकृत हुई थी, लेकिन अभी तक मार्ग पर कार्य शुरू नहीं हो पाया है। कहा यदि मार्ग का निर्माण होता है, तो इस क्षेत्र के ताल, बुग्याल को देखने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचेंगे।