डोबरा-चांठी पुल से वाहनों का संचालन शुरू होने से लंबगांव बाजार में जाम की समस्या बढ़ने लगी है। पुल बनने के बाद देहरादून, ऋषिकेश और नई टिहरी से नियमित बस सेवाओं में खासी बढ़ोत्तरी हुई है, जिससे यहां दिनभर में घंटों जाम लग रहा है। इस समस्या से निजात पाने के लिए पुलिस ने नया ट्रैफिक प्लान तैयार कर दुकान स्वामियों को निर्धारित स्थानों पर ही वाहन खड़े करने के निर्देश दिए हैं।
आठ नवंबर से प्रतापनगर क्षेत्र की लाइफ लाइन डोबरा-चांठी पुल से वाहनों का संचालन शुरू होने से प्रतापनगर क्षेत्र के लिए बड़ी बसें और ट्रकों का आवागमन भी शुरू हो गया है। बाजार में सड़क संकरी होने से दिनभर में कई बार लंबे समय तक जाम लगना की समस्या होने लगी है। ट्रैफिक सुचारु करने के लिए पुलिस को भी कड़ी मशक्कत करना पड़ती है। इसलिए अब पुलिस ने जाम से निपटने के लिए नया ट्रैफिक प्लान तैयार किया है। थानाध्यक्ष विनोद राणा ने बताया कि बाजार में पार्किंग नहीं होने से वाहन स्वामी बाजार में ही वाहनों को खड़ा कर देते हैं, जिस कारण दिनभर में कई बार जाम लग जाता है। उन्होंने सभी छोटे-बड़े और दोपहिया वाहन स्वामियों को बाजार में निर्धारित जगह पर ही वाहन खड़े करने को कहा है।