जिलाधिकारी इवा आशीष श्रीवास्तव ने जिला योजना और बीस सूत्री कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए इस वित्तीय वर्ष की समाप्ति तक आवंटित धनराशि का शतप्रतिशत खर्च करने के निर्देश दिए। कहा कि जिन विभागों की प्रगति अपेक्षा के अनुरूप नहीं है। उनसे आवंटित धनराशि वापस ली जाएगी।
शनिवार को डीएम इवा ने जिला योजना और बीस सूत्री योजनाओं की प्रगति बैठक ली। लोनिवि के अधिकारियों ने बताया कि जिला योजना में अवमुक्त पांच करोड़ 23 लाख 65 हजार के सापेक्ष 244.62 लाख व्यय हो चुका है। अवशेष 279 लाख भी खर्च निर्धारित समय से पूर्व की जाएगी। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि थौलधार के छाम में पोल्ट्री फार्म लगाने में स्थानीय स्तर पर दिक्कत आ रही है। डीएम ने डीडीओ को स्थलीय निरीक्षण का समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए। डीएम ने बताया कि जिला योजना में अनुमोदित परिव्यय 66 करोड़ 54 लाख सापेक्ष शासन से शतप्रतिशत धनराशि अवमुक्त हुई। अवमुक्त धनराशि में से विभिन्न विभागों ने 56 करोड़ 86 लाख 57 हजार खर्च कर दिए हैं। जल संस्थान ने 1290.52 लाख, उद्यान ने 553.98 लाख, माध्यमिक शिक्षा ने 214.72 लाख, लघु सिंचाई ने 176.15 लाख, सिंचाई ने 427.49 लाख, पूल्ड आवास में 172.13 लाख रुपये खर्च हो चुके हैं। इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी नमामि बंसल, डीएफओ वीके सिंह, डीडीओ सुनील कुमार, सीएमओ डा. संजय जैन, सीवीओ डा. एसके बर्तवाल, सीईओ अभिलाषा भट्ट, डीएसटीओ निर्मल शाह, ईई जल संस्थान सतीश चंद्र नौटियाल आदि मौजूद थे।