श्री ओणेश्वर महादेव मंदिर समिति की बैठक में शिवरात्रि के पर्व पर एक-दो मार्च को लगने वाले मेले की तैयारियों को लेकर चर्चा की गई। शिव रात्रि मेला भव्य रूप से संपन्न कराने के लिए बैठक में 13 प्रस्ताव पारित किए गए।
बृहस्पतिवार को देवल गांव में मंदिर समिति के अध्यक्ष द्वारिका प्रसाद भट्ट की अध्यक्षता में हुई बैठक में निर्णय लिया गया कि शिवरात्रि पर्व पर लगने वाले मेले को भव्य रूप दिया जाएगा। इस दौरान समिति ने लोनिवि से पिलानीधार से ओणेश्वर महादेव मंदिर तक सड़क की दशा सुधारने की मांग की। तय किया गया कि मेले में दुकान लगाने वाले दुकानदारों को पहचान पत्र दिए जाएंगे। मेला स्थल पर पानी का टैंकर और एक एंबुलेंस तैनात कराने का अनुरोध किया जाएगा। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल की तैनाती के लिए जल्द ही एसएसपी को पत्र भेजा जाएगा। तय किया गया कि मेले में ओण और भदूरा पट्टी के पंचायत प्रतिनिधि मेला समिति के पदाधिकारियों से समन्वय बनाकर कार्य करेंगे। बताया गया कि जिला पंचायत की ओर से बनाए गए अतिथि गृह का लोकार्पण आचार संहिता के चलते बाद में किया जाएगा। बैठक में तय किया गया कि दो दिवसीय मेले का शुभारंभ ब्लाक प्रमुख प्रदीप रमोला और प्रतापनगर के एसडीएम प्रेमलाल करेंगे। बैठक में ओणेश्वर महादेव के पश्वा पदम सिंह राणा, कोषाध्यक्ष वीरचंद रमोला, जिला पंचायत सदस्य संजू देवी, मुरारी रांगड़, प्रधान विकास नौटियाल, हर्षमणि सेमवाल, होशियार पंवार, चंद्रमोहन आर्य, विजय देवी, सोधन कुड़ियाल, सुषमा देवी और कैलाश रमोला आदि मौजूद थे।