देवप्रयाग: सहारनपुर से बदरीनाथ जा रहे यात्रियों की कार डिवाइडर से टकराई, झपकी आने से हुआ हादसा, तीन घायल
चारधाम यात्रा मार्ग पर चालक की झपकी हादसे की वजह बन गई। गनीमत रही कि कार डिवाइडर से टकराकर रुक गई, वरना वाहन सीधे गंगा नदी में समा सकता था। हादसे में तीन यात्रियों को हल्की चोटें आई हैं।
विस्तार
ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक होटल के पास दिवाली के दिन बड़ा हादसा टल गया। सहारनपुर से बदरीनाथ धाम जा रही कार अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। बताया जा रहा है कि चालक को झपकी आने के कारण यह दुर्घटना हुई। गनीमत रही कि कार डिवाइडर से टकराकर रुक गई। इससे पहले भी इस खतरनाक स्थान पर दो वाहन सीधे गंगा नदी में समा चुके हैं।
हादसे के वक्त कार में पांच लोग सवार थे। टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर मदद की। दुर्घटना में तीन यात्रियों को हल्की चोटें आईं, जबकि दो लोग सुरक्षित रहे। घायलों में सहारनपुर के देहात कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम सोमाली (बेहट रोड) निवासी जतिन पुत्र मेहरदास भी शामिल हैं।
ये भी पढे़ं...केदारनाथ: दिवाली पर भव्य सजा बाबा केदार का दरबार, 20 कुंतल फूलों से सजा धाम, भैरवनाथ मंदिर के कपाट हुए बंद
सभी घायलों को निजी वाहन से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत सामान्य बताई गई। देवप्रयाग कोतवाल कृष्णकांत ने बताया कि कार सवार सभी लोग बदरीनाथ दर्शन के लिए जा रहे थे। प्रथमदृष्टया चालक को झपकी आने से वाहन पर नियंत्रण खोने की आशंका है।