CM के स्टिंग पर घमासान, बहुगुणा ने स्पीकर और राज्यपाल पर लगाए आरोप
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तराखंड सीएम के खिलाफ विधायकों की खरीद फरोख्त की सीडी जारी होने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा ने मीडिया के सामने आकर राज्यपाल और स्पीकर पर गंभीर आरोप लगाए।
बहुगुणा ने कहा कि स्पीकर ने दल-बदल कानून के तहत नोटिस दिया लेकिन नोटिस में सदन में सरकार के बिल का विरोध करने का कोई जिक्र नहीं है। स्पीकर पूरी तरह पक्षपात पूर्ण रवैया अख्तियार किए हुए हैं। कहा कि सीएम के खिलाफ होना पार्टी के खिलाफ होना नहीं है।
उन्होंने सोनिया गांधी और राहुल गांधी पर उनसे दूरी बनाए रखने का आरोप लगाया। बहुगुणा ने कहा कि पिछले दो साल में राहुल गांधी ने उनसे मिलने का वक्त नहीं दिया। कहा कि उनकी कांग्रेस नेता सोनिया गांधी से कोई नाराजगी नहीं है और वे पार्टी का सम्मान करते हैं। उन्होंने खुद को मुख्यमंत्री पद की दौड़ से बाहर बताया है। साथ ही लोकतंत्र को बचाने के लिए केंद्र सरकार को सजग होने की बात कही।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हरीश रावत के विरोध में 36 विधायक बाहर सड़क पर हैं। इसमें 27 विधायक भाजपा और 9 कांग्रेस के हैं। ऐसे में हरीश रावत के पास मुख्यमंत्री बने रहने के लिए पर्याप्त संख्या बल नहीं है।
इस बारे में हमने राज्यपाल महोदय को पूरी जानकारी दी लेकिन राज्यपाल महोदय ने पद का दुरुपयोग करते हुए मुख्यमंत्री को बहुमत साबित करने के लिए लंबा वक्त दिया। बहुगुणा ने राष्ट्रपति से राज्यपाल को हटाने की मांग की।
सीएम के स्टिंग पर बीजेपी करेगी राष्ट्रपति से मुलाकात
उत्तराखंड में सियासी हलचल के बीच भाजपा ने राष्ट्रपति से मुलाकात का वक्त मांगा है। भाजपा नेता कैलाश विजयवर्गीय ने इस संबंध में प्रेस कांफ्रेंस कर जानकारी दी। आज शाम भाजपा नेताओं की राष्ट्रपति से मुलाकात संभव है। माना जा रहा है कि स्टिंग के आधार पर भाजपा राष्ट्रपति शासन की मांग कर सकती है।
मीडिया के सामने आए हरीश रावत
वहीं स्टिंग जारी होने के बाद मुख्यमंत्री हरीश रावत ने प्रेस कांफ्रेंस कर पलटवार किया है। सीएम ने स्टिंग को झूठा बताते हुए कहा यह एक साजिश है।
सीएम ने कहा कि स्टिंग करने वाले और भाजपा दोनों अनैतिक, धनलोलुप हैं। ये प्रदेश की सरकार को अस्थिर करने की कोशिश है। सीएम ने अपने फेसबुक पेज पर लिखा है कि स्टिंग ऑपरेशन ब्लेक मेल करने की साजिश है। यह सीडी झूठ है, जिस व्यक्ति ने इसे बनाया है, उस व्यक्ति की रेपुटेशन किसी से छिपी नही है।
इसी के साथ सीएम ने बागी विधायकों पर कहा कि अब वे कांग्रेस के विधायक नहीं हैं और न ही पार्टी में उनके लिए कोई जगह है।
बागियों ने जारी किया है सीएम का स्टिंग
गौरतलब है कि शनिवार सुबह बागी विधायकों ने सीएम का एक स्टिंग वीडियो जारी किया। इसमें सीएम द्वारा बागियों को पैसे देकर खरीद-फरोख्त करने की बात होने का दावा किया गया है।
वह बागी विधायकों को पांच करोड़ रुपये देने की बात कर रहे हैं। वीडियो में वह कह रहे हैं 'अच्छा हुआ मामला सस्ते में निपट गया'। साथ ही वह एक दो साल बाद बागियों को कांग्रेस में लाने की बात कर रहे हैं।
सीएम हरीश रावत बागियों की सदस्यता खत्म करना चाहते हैं लेकिन इससे पहले ही बागियों ने सीएम का स्टिंग वीडियो जारी कर बड़ा धमाका किया है।
प्रेस कांफ्रेंस के बीच बागियों ने जारी किया स्टिंग
बागी विधायक दिल्ली में प्रेस कांफ्रेंस करने पहुंचे। इस प्रेस कांफ्रेस में ही बागियों ने सीएम का स्टिंग वीडियो जारी किया।
प्रेस कांफ्रेस में पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा के बेटे साकेत बहुगुणा ने कहा कि हरीश सरकार माफियाओं को रोकने में नाकाम रहीं हैं।
बता दें कि बागी विधायकों के पास विधानसभा स्पीकर के नोटिस का जवाब देना का आज आखिरी दिन है। जवाब देने के समय सीमा शाम पांच बजे तक की है। लेकिन इसी बीच स्टिंग वीडियो जारी कर प्रदेश की सियासत में एक बार फिर तूफान मचना शुरू हो गया है।