रुद्रपुर। शहर में बढ़ रहे डेंगू, वायरल बुखार, मियादी बुखार की रोकथाम को लेकर कांग्रेसी पार्षद एडीएम से मिले। पार्षदों ने एडीएम से स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार लाने की मांग उठाई।
बुधवार को कांग्रेसी पार्षदों ने एडीएम जगदीश चंद्र कांडपाल को ज्ञापन सौंपकर कहा कि शहर में डेंगू, मियादी बुखार और वायरल बुखार को प्रकोप तेजी से बढ़ रहा है। कहा कि सरकारी अस्पताल में इलाज की सही व्यवस्था न होने पर मरीज निजी अस्पतालों में जा रहे हैं। निजी अस्पतालों में मरीजों से इलाज के नाम पर लूट खसोट की जा रही है। मरीजों से मनमाना पैसा वसूल किया जा रहा है। निजी चिकित्सालय मनमाफिक लैब में ब्लड जांच की सलाह दे रहे हैं। वहां भी मरीजों से मनमाना रुपया वसूला जा रहा है। निजी लैब से प्राइवेट चिकित्सालयों के लिए मनमाफिक रिपोर्ट भी बनाई जा रही है। डेंगू के इलाज के लिए निजी अस्पतालों में लोगों को एक से सवा लाख तक बिल वसूल किया जा रहा है। पार्षदों ने कहा कि कई साल से निगम क्षेत्र में कीटनाशक का छिड़काव नहीं किया गया है। जिले का स्वास्थ्य विभाग अपनी जिम्मेदारी से आंखें मूंदे बैठा है। कहा कि नगर निगम की मलिन बस्तियों में कूड़ा जमा पड़ा है। वहां पर पार्षद सुशील मंडल, मोनू निषाद सचिन मुंजाल, अमित मिश्रा, राजेश कुमार, नव कुमार साना, रमेश कुमार कालरा, कैलाश राठौर, मोहन कुमार, मानस बैरागी, बाबू खान आदि थे। ब्यूरो