श्रीबदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति का 22 सदस्यीय दल केदारनाथ में यात्रा तैयारियों में जुटा हुआ है। मंदिर की साफ-सफाई के साथ पूजा काउंटरों की मरम्मत की जा रही है। साथ ही मंदिर परिसर के आसपास लगी रेलिंग के साथ ही रावल निवास और मुख्य पुजारी निवास में जरूरी सुविधाएं जुटाई जा रही हैं। समिति के अनुसार, सभी जरूरी कार्य धाम के कपाटोद्घाटन से पहले समयबद्ध पूरे कर दिए जाएंगे।
बीकेटीसी अध्यक्ष अजेंद्र अजय के दिशा-निर्देशन में बैसाखी के दिन सहायक अभियंता गिरीश देवली के नेतृत्व में 22 सदस्यीय दल केदारनाथ पहुंचा था। दल की ओर से अभी तक मंदिर परिसर की सफाई कर दी गई है। साथ ही मंदिर के चारों तरफ लगी रेलिंग की सफाई कर रंग-रोगन किया जाएगा। साथ ही समिति की संपत्तियों को भी दुरुस्त किया जा रहा है। केदारनाथ से लौटे बीकेटीसी अध्यक्ष अजेंद्र अजय ने बताया कि यात्रा शुरू होने से पूर्व सभी तैयारियां समयबद्ध पूरी कर दी जाएंगी। जिस तरह से केदारघाटी के होटल, लॉज, रेस्टोरेंट को बुकिंग मिली है, साथ ही हेलीकॉप्टर की बुकिंग जून माह तक फुल हो चुकी है। ऐसे में यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। उन्होंने गौरीकुंड व सोनप्रयाग में भी यात्रा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।