जिला मुख्यालय से केदारनाथ तक दिनभर बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। वहीं बदरीनाथ राजमार्ग पर नरकोटा में पहाड़ी से पत्थर व मलबा गिरने से यातायात बाधित रहा। इसके साथ ही कई अन्य संपर्क मोटर मार्ग बंद होने से यातायात प्रभावित रहा।
शुक्रवार सुबह से रुद्रप्रयाग से केदारनाथ तक लगातार बारिश होती रही। बारिश के कारण अलकनंदा व मंदाकिनी का जलस्तर बढ़ रहा है। दोपहर बाद दोनों नदियों का जलस्तर क्रमश : 625 व 624 मीटर रहा जो खतरे के निशान से दो किमी कम है। इधर, पुनाड़ गदेरा, नगरासू गदेरा समेत अन्य गाद-गदेरों का जलस्तर भी बढ़ गया है।
दूसरी तरफ ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर नरकोटा में सुबह से ही रुक-रुककर पहाड़ी से पत्थर व मलबा गिरने से यातायात बंद रहा। एनएच के सहायक अभियंता राजेश शर्मा ने बताया कि राजमार्ग कम से कम समय के लिए बंद हो इसके लिए यहां पर मशीनें तैनात की गई हैं। दूसरी तरफ रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड राजमार्ग सीतापुर में मलबा आने से बंद रहा। इसके साथ ही जिले में मयाली-घनसाली-टिहरी, खांकरा-खेड़ाखाल-खिर्सू, बडियारगढ़-धौडंगी-सौंराखाल, छेनागाड़-बक्सीर, गुप्तकाशी-कालीमठ, तोणीधार-पेलिंग, भीरी-परकंडी और मयाली-गुप्तकाशी मोटर मार्ग भी बंद हैं।