रुद्रपुर। एमिनिटी पब्लिक स्कूल के गेट पर बृहस्पतिवार को अभिभावकों ने फीस माफी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। उन्होंने आरोप लगाया कि स्कूल प्रबंधन उनकी बात नहीं सुन रहा है।
अभिभावकों ने कहा कि कोरोना काल में अधिकांश लोगों की नौकरी छूट गई है, साथ ही कारोबार में भारी नुकसान हो रहा है। कहा कि जब उन्होंने स्कूल प्रबंधन से फीस में छूट को लेकर में बात करनी चाही तो स्कूल के एमडी गाड़ी में बैठकर चले गए। वह फीस माफी पर कुछ नहीं बोले। अभिभावकों ने कहा कि स्कूल प्रबंधन की ओर से संदेश आ रहे थे कि फीस में 30 प्रतिशत छूट दी गई है। जबकि इस पर स्कूल प्रबंधन कन्नी काट रहा है। इधर, एमेनिटी स्कूल के एमडी सुभाष अरोरा ने कहा कि अभिभावकों के हित में छोटी कक्षाओं के बच्चों की 30 प्रतिशत और बड़ी कक्षाओं के बच्चों की 25 प्रतिशत फीस माफ की है। उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमण में भीड को देखते हुए वह समूह में अभिभावकों से बात नहीं कर सके थे। उन्होंने कुछ लोगों पर अभिभावकों को गुमराह करने का भी आरोप लगाया। प्रदर्शन करने वालों में गीता बिष्ट, करनैल सिंह, अमलेश कोरंगा, अमरेंद्र सिंह, संजय चौहान, कविता, नीरज यादव, बसंत जोशी, महेश वर्मा, पूनम, निखिल गुप्ता, मीनू, नरेंद्र सिंह आदि थे। इधर, अभिभावकों ने मनमानी फीस वसूली का आरोप लगाते हुए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह को शिकायती पत्र सौंपा। वहां पर संदीप चीमा, सीपी शर्मा, तजिंद्र विर्क आदि थे।