जिला मुख्यालय रुद्रप्रयाग से केदारनाथ तक स्वतंत्रता दिवस की 73वीं वर्षगांठ धूमधाम से मनाई गई। इस मौके पर छात्र-छात्राओं द्वारा भव्य प्रभात फेरी निकाली गई। केदारनाथ में सेना के जवानों के साथ स्वतंत्रता दिवस मनाया गया।
केदारनाथ धाम में पहली बार आईटीबीपी व 10-जेकेएलआई के जवानों के साथ पुनर्निर्माण कार्य में जुटी कार्यदायी संस्था वुड स्टोन, बीकेटीसी, तीर्थ पुरोहित समाज व श्रद्धालुओं ने संयुक्त रूप से हर्षोल्लास के साथ धूमधाम से स्वतंत्रता दिवस मनाया। मंदिर के समीप ध्वजारोहण किया गया। इसके बाद मिष्ठान वितरित किया गया। जिला मुख्यालय रुद्रप्रयाग में सुबह 9.30 बजे जिलाधिकारी मंगेश घिल्डियाल ने कलक्ट्रेट परिसर में राष्ट्र ध्वज फहराया। इस दौरान डीएम ने कहा कि आज का दिन एक नई उम्मीद की किरण के रूप में याद दिलाता है। स्वतंत्रता संग्राम में अपने प्राणों की आहुति देने वाले शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी, जब हम सभी अपने दायित्वों और जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन कर सकेंगे। इस मौके पर गढ़ कला मंच पौड़ी के कलाकारों ने देशभक्ति गीतों के साथ जल संरक्षण, संवर्द्धन पर नृत्य नाटिका प्रस्तुत की। डीएम द्वारा जनपद में कृषि अन्य क्षेत्रों में सराहनीय कार्य करने वाले 8 कृषिकों को पुरस्कृत किया गया। साथ ही विकास एवं निर्माण कार्यों में विशिष्ट योगदान के लिए 12 अधिकारी/कर्मचारियों को जिलाधिकारी पदक प्रदान किए गए। जीआईसी में आयोजित भाषण प्रतियोगिता में छात्रा फहरीन ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। जबकि नृत्य में अनूप मेमोरियल स्कूल अव्वल रहा। जनपद के सभी स्कूलों व अन्य संस्थाओं में स्वतंत्रता दिवस पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। साथ ही मेधावियों को पुरस्कृत भी किया गया।