बांसवाड़ा में पूर्वान्ह 11 बजे से पहाड़ी से हो रहे भूस्खलन के कारण रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड राष्ट्रीय राजमार्ग दिनभर बंद रहा। यहां पर पहाड़ी से निरंतर भूस्खलन हो रहा है। प्रशासन के आदेश पर एनएच द्वारा यातायात को गुप्तकाशी-बसुकेदार मार्ग पर डायवर्ट किया गया है। उधर, मयाली-घनसाली मोटर मार्ग भी दोपहर तक बंद रहा, जिस कारण लोगों को अपने घरों व कार्यालयों तक पहुंचने में खासी परेशानियों का सामना करना पड़ा। दूसरी ओर पहाड़ी से तड़के भारी बोल्डर गिरने से सड़क पर खड़ा एक वाहन बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया।
मंगलवार तड़के हुई तेज बारिश के कारण गौरीकुंड राजमार्ग मार्ग बांसवाड़ा में भूस्खलन से अवरुद्ध हो गया था। इस दौरान एनएच द्वारा मशीनों से मलबे की सफाई करते हुए सुबह 7.30 बजे हाइवे पर यातायात बहाल कर दिया गया। इसके बाद मौसम भी सुहावना हो गया था, लेकिन पूर्वाह्न 11 बजे से पहाड़ी से तेजी से पत्थर व मलबा गिरना फिर से शुरू हो गया। यह सिलसिला रुक-रुककर देर शाम तक बना रहा। हाईवे पर मलबे का भारी ढेर लगने और भूस्खलन नहीं रुकने की स्थिति में राजमार्ग के यातायात को गुप्तकाशी-बसुकेदार-बांसबाड़ा से संचालित किया गया। पिछले लंबे समय से बांसबाड़ा बरसात में परेशानी का सबब बना हुआ है, लेकिन ऑल वेदर रोड परियोजना में पहाड़ी की कटिंग के बाद स्थिति और भी खराब हो गई हैं। एनएच के ईई जितेंद्र कुमार त्रिपाठी ने बताया कि भूस्खलन थमने का इंतजार किया जा रहा है। जैसे ही परिस्थितियां अनुकूल होंगी, प्राथमिकता से मलबा साफ कर यातायात बहाल किया जाएगा। दूसरी तरफ रुद्रप्रयाग नया बस अड्डा के समीप पहाड़ी से तड़के भारी बोल्डर गिरने से सड़क पर खड़ा एक वाहन बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि इस दौरान मार्ग से कोई राहगीर या वाहन नहीं गुजर रहा था। इधर, जिला आपदा प्रबंधन विभाग के कंट्रोल रूम से बताया गया कि बरसात के चलते जनपद में पांच संपर्क मोटर मार्ग भी बंद पड़े हैं।