रुद्रपुर। पीपीई किट यानी पर्सनल पोटेक्टिव इक्विपमेंट किट की कमी से जूझ रहे जिला अस्पताल के डॉक्टर, नर्स सहित को सभी स्वास्थ्य कर्मियों को सोमवार को किट उपलब्ध करा दी गई। प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. टीडी रखोलिया ने अपने कार्यालय में डॉक्टरों, स्टाफ नर्स, एएनएम समेत सभी हेल्थ वर्कर पीपीई किट दिए। उन्होंने कहा कि ड्यूटी के दौरान पीपीई किट पहने से स्टाफ में असुरक्षा की भावना खत्म होगी। जिला अस्पताल में विकासखंड का एकमात्र आइसोलशेन वार्ड है, जिसमें कोरोना वायरस के लक्षण मिलने पर संदिग्धों को भर्ती कराया जा रहा है। यहां से प्रतिदिन कोरोना संदिग्धों के सैंपल जांच के लिए हल्द्वानी भेजे जा रहे हैं। आइसोलेशन वार्ड व जच्चा-बचा वार्ड समेत अन्य ड्यूटी करने वाले डॉक्टर व स्वास्थ्य कर्मचारी पीपीई किट की मांग कर रहे थे। प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रखोलिया ने कहा कि कोरोना वायरस संक्रमण की रोकथाम व आईसोलेशन वार्ड में ड्यूटी दे रहे कर्मचारियों के लिए सुरक्षा के लिहाज से पीपीई किट बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि सभी डॉक्टरों, स्टाफ नर्स, एएनएम समेत सभी स्वास्थ्य कर्मियों को पीपीई किट उपलब्ध करा दिए गए हैं। वहां पर अस्पताल प्रबंधक डॉ. अजयवीर सिंह चौहान, भास्कर जोशी, दीपा जोशी आदि मौजूद रहे।