बधाणी-छेनागाड़ मोटर मार्ग निर्माण व बधाणी-बरसिर मार्ग के हॉटमिक्स समेत बांगर क्षेत्र की समस्याओं के निस्तारण की मांग को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता चिरंजीव प्रसाद सेमवाल का आमरण अनशन पांचवें दिन भी जारी रहा। इधर, कांग्रेस और उत्तराखंड क्रांतिदल ने ग्रामीणों की मांगों को जायज मानते हुए आंदोलन को समर्थन देते हुए प्रदेश सरकार से यथाशीघ्र मांगों के निस्तारण की मांग की है। इस मौके पर नारेबाजी के साथ जनता ने जुलूस भी निकाला।
रविवार को अनशन स्थल पर बांगर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों व ग्रामीणों ने मांगों को लेकर धरना देते हुए सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र को यातायात से जोड़ने वाला बधाणी-बरसिर मोटर मार्ग बदहाल बना हुआ है। जगह-जगह गड्ढे होने से वहां वाहनों की आवाजाही बमुश्किल से हो रही है। प्रशासन व विभाग को कई बार अवगत कराने पर सुध नहीं ली जा रही है। वहीं, पूर्वी बांगर व बांगर क्षेत्र को लिंक करने के लिए वर्षों से बधाणी-छेनागाड़ मोटर मार्ग निर्माण की मांग की जा रही है लेकिन शासन, प्रशासन इसे अनसुना कर रहा है। इन हालात में बांगर के ग्रामीणों को सीएचसी जखोली तक पहुंचने के लिए मीलों का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ा रहा है। आमरण अनशन पर बैठे चिरंजीवी प्रसाद सेमवाल ने कहा कि जब तक मांगपूर्ति को लेकर ठोस कार्रवाई नहीं होती, वे आंदोलनरत रहेंगे। कांग्रेस नेता व जखोली के ब्लॉक प्रमुख प्रदीप थपलियाल व उक्रांद नेता मोहित डिमरी ने अनशन स्थल पर पहुंचकर अपनी-अपनी पार्टी की तरफ से आंदोलन को समर्थन दिया। ग्रामीणों ने शासन, प्रशासन व लोनिवि पर क्षेत्र की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए नारेबाजी के साथ जुलूस भी निकाला। इस मौके पर बांगर विकास समिति के अध्यक्ष एसएस मेंगवाल, ग्राम प्रधान इंद्र लाल, सरवीर लाल, क्षेपं सदस्य मुकेश शाह, बीरबल सिंह, पुनीता देवी, मल्ली शशि देवी, भगवान पंवार, संजय सेमवाल, बीरबल सिंह आदि मौजूद थे।