Flood In Roorkee: सोलानी नदी का तटबंध टूटने से बिगड़े हालात, लोग बोले- सोकर उठे तो हर तरफ दिखी 'बर्बादी'
र तरफ था तो सिर्फ पानी ही पानी। इसके अलावा सोसायटी रोड, तहसील मुख्यालय, ब्लॉक मुख्यालय, पुराना अस्पताल, रोडवेज बस अड्डा पानी से ताल-तलैया बन गए।
विस्तार
कस्बों और देहात में सड़कों व घरों में कई फीट पानी भर गया है। सोलानी नदी का तटबंध टूटने से हालात बिगड़ते जा रहे हैं। सोलानी, गंगा और पथरी नदी उफान हैं। बुधवार सुबह जब कस्बे के लोग सोकर उठे तो सीमली, शिवपुरी, सोसायटी रोड, गोबर्धनपुर रोड, आदर्श कॉलोनी, लोको कॉलोनी, रायसी रोड, बालावाली रोड, मेन बाजार, लक्सरी, लक्सर गांव, आंबेडकरनगर, संत कॉलोनी, कोतवाली के निकट स्थापित कॉलोनी समेत सभी स्थान पानी से लबालब भरे हएु थे। हर तरफ था तो सिर्फ पानी ही पानी। इसके अलावा सोसायटी रोड, तहसील मुख्यालय, ब्लॉक मुख्यालय, पुराना अस्पताल, रोडवेज बस अड्डा पानी से ताल-तलैया बन गए। एसडीएम गोपाल राम बिनवाल व सीओ मनोज ठाकुर ने टीमों के साथ बचाव व राहत कार्य चलाया। पालिका चेयरमैन अंबरीश गर्ग व अधिशासी अधिकारी चंद्रशेखर शर्मा ने बताया कि पानी उतरने के बाद जिन निचले इलाकों में पानी भरा जाएगा। उसे पंपिंग सेट के माध्यम से निकलवाया जाएगा।
कस्बे से देहात के कई गांवों का कटा संपर्क
बाढ़ की वजह से लक्सर कस्बे से देहात तक के कई मार्गों का संपर्क कट गया है। लोग घरों में ही कैद रहे। लक्सर-भुरनी मार्ग पर पानी भरने के चलते कुआं खेड़ा, ढाढेकी, मोहम्मदपुर मथाना, भुरनी, भुरना, डोसनी व रजबपुर का संपर्क कट गया तो वहीं भिक्कमपुर क्षेत्र से जीतपुर, निहंदपुर व बाकरपुर आदि कई गांव का संपर्क कटा रहा। कस्बे के गर्ग धर्म कांटा के पास तीन फीट पानी भर जाने से रास्ता अवरुद्ध रहा।
रेलवे ट्रैक पर भरा पानी
बुधवार को रेलवे ट्रैक पर पानी आ गया है। रेलवे ने ट्रेक पर पानी को देखते हुए लक्सर-सहारनपुर मार्ग, लक्सर-देहरादून व लक्सर-मुरादाबाद मार्ग की सभी ट्रेनें रद्द कर दी गई है। इससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
लगातार हो रही बारिश से मंगलौर जलमग्न
बुधवार को मंगलौर के मोहल्ला टोली, लालबाड़ा, मलकपुरा, मलानपुरा सैनीपुरा आदि में पानी सड़क और घरों में घुस गया। लोग घरों में ही कैद हो गए। वहीं बाजारों में भी पिछले दो सप्ताह से सन्नाटा पसरा हुआ है। अधिशासी अधिकारी मोहम्मद कामिल ने बताया कि जलभराव वाले स्थानों पर वैकल्पिक व्यवस्था कर पानी निकलवाने का कार्य किया जा रहा है।
घाड़ में उफान पर नदियां, कई सड़कें ध्वस्त
बिहारीगढ़-रोशनाबाद मार्ग पर रसूलपुर के पास तेज पानी के बहाव से पुलिया से लगती हुई सड़क ध्वस्त हो गई। यह मार्ग सैकड़ों गांव का संपर्क मार्ग है और इससे हरिद्वार आने जाने वाले कांवड़िए भी निकल रहे हैं। इसके अलावा बुग्गावाला क्षेत्र के ग्राम कालेवाला के मुख्य मार्ग की सड़क भी पानी के कटाव से पूरी तरीके से ध्वस्त हो चुकी है। जानकारी मिलने पर पहुंचे अपर सहायक अभियंता अरविंद रावत ने क्षेत्र में ध्वस्त हुई सड़कों और पुलिया का निरीक्षण किया। बताया कि क्षेत्र के ग्राम कालेवाला की सड़क भी पानी के कटाव से बह गई। इससे मार्ग अवरुद्ध हो गया है। उधर, इसी क्षेत्र के ग्राम हलजोरा की सड़क भी पानी के कटाव से ध्वस्त हो चुकी है। खेड़ीसिखोपुर की पुलिया भी पानी के कटाव से ध्वस्त होकर बह चुकी है।