एडीएम ने भगवानपुर तहसील पहुंचकर वहां चल रहे वोटर लिस्ट बनाने के काम का निरीक्षण कर लिस्ट को हर हाल में 30 तक तैयार करने के निर्देश दिए। कहा कि कोई भी वोटर लिस्ट में आने से छूट न जाए, इसके लिए घर-घर जाकर लोगों से संपर्क किया जाए।
शनिवार को भगवानपुर तहसील पहुंचे एडीएम बीर सिंह बुदियाल ने मतदाता सूची तैयार करने के चल रहे कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने यहां पहुंचकर अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के हर व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में होना अनिवार्य है। इसके बाद मतदाता सूची तैयार कर हर स्थिति में 30 नवंबर तक भेजनी अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के सभी गांवों में वर्तमान में बीएलओ 18 वर्ष व इससे ज्यादा आयु वर्ग के युवाओं के फार्म भरवा रहे हैं। जल्द से जल्द उनको वोटर लिस्ट में शामिल करें। इस दौरान एडीएम ने कहा कि वोटर लिस्ट तैयार करने में किसी भी अधिकारी और कर्मचारी की लापरवाही बरदाश्त नहीं की जाएगी। एसडीएम बृजेश कुमार तिवारी का कहना है कि सभी कर्मचारियों को जल्द से जल्द कार्य पूरा कर नवनिर्वाचित मतदाताओं की सूची तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। इस दौरान तहसीलदार रेखा आर्य, नायब तहसीलदार जसपाल राणा, लेखपाल मनोज कपिल, सचिन कुमार और त्रिभुवन सिंह आदि मौजूद रहे।