रुड़की। लंबित पड़ी विवेचनाओं का निस्तारण न होने पर एसपी क्राइम ने कड़ी नाराजगी जताते हुए दरोगाओं की पेच कसे। साथ ही चेतावनी दी कि जल्द ही विवेचनाओं का निस्तारण नहीं हुआ तो कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इस दौरान उन्होंने शहर और देहात के थानों के सभी दरोगाओं से विवेचनाओं की प्रगति रिपोर्ट मांगी।
एसपी क्राइम आयुष अग्रवाल शनिवार को सिविल लाइंस कोतवाली पहुंचे। यहां उन्होंने शहर और देहात के सभी विवेचना अधिकारियों से एक साल पहले धोखाधड़ी के मामलों के निस्तारण की प्रगति रिपोर्ट देखी। उन्होंने एक-एक कर सभी विवेचना अधिकारियों की लंबित पड़े मामलों की प्रगति रिपोर्ट की जांच की। कई दरोगाओं ने विवेचनाओं का निस्तारण नहीं किया तो उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई। कई विवेचना अधिकारियों ने लंबित विवेचनाओं के निस्तारण न होने पर अपनी सफाई पेश की। एसपी क्राइम ने उनसे सवाल जवाब किए तो वे बहानेबाजी करने लगे। इस पर उन्होंने कड़ी फटकार भी लगाई। साथ ही सभी को निर्देश दिए कि जल्द विवेचनाओं का निस्तारण करें। नहीं तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान सीओ रुड़की चंदन सिंह बिष्ट, सिविल लाइंस कोतवाली प्रभारी राजेश साह, गंगनहर कोतवाली प्रभारी मनोज मेनवाल, मंगलौर कोतवाली प्रभारी प्रदीप चौहान, भगवानपुर थाना प्रभारी संजीव थपलियाल आदि मौजूद रहे।