गंगनहर में कूदकर लापता हुई दो सगी बहनों का दूसरे दिन भी कोई सुराग नहीं लगा। एसडीआरएफ ने दोनों बहनों की तलाश में गंगनहर में सर्च ऑपरेशन चलाया। वहीं, युवक का परिजनों ने अंतिम संस्कार कर दिया।
नारसन क्षेत्र निवासी एक युवक और दो सगी नाबालिग बहनें सोमवार दोपहर मोहम्मदपुर झाल पर पहुंची थी। जहां युवक और एक किशोरी ने एक साथ झाल के पुल से गंगनहर में छलांग लगा दी थी। यह देख छोटी बहन ने भी बड़ी बहन को बचाने के लिए गंगनहर में छलांग लगा दी थी। मार्ग से गुजर रहे ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तीनों को बचाने का प्रयास किया। इस दौरान ग्रामीणों ने युवक को मुश्किल से बाहर निकाला, लेकिन तब तक युवक की मौत हो चुकी थी। जबकि दोनों बहनों का कुछ पता नहीं चल पाया था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों की तलाश की थी, लेकिन कुछ पता नहीं चल पाया था। मंगलवार को एक बार फिर एसडीआरएफ की टीम ने मोटर बोट की मदद से गंगनहर में सर्च अभियान चलाया, लेकिन दोनों बहनों का कुछ पता नहीं चल पाया। एसपी देहात एसके सिंह ने बताया कि दोनों किशोरियों की तलाश की जा रही है। अभी तक मामले में परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं आई है। उन्होंने बताया कि बुधवार को भी सर्च अभियान चलाया जाएगा।