विधायक ममता राकेश के प्रस्ताव पर मनरेगा के स्टेट को-आर्डिनेटर ने भगवानपुर क्षेत्र के कई गांव में पहुंचकर तालाबों का निरीक्षण किया। विधायक ने तालाबों के सौंदर्यीकरण और निकासी को लेकर प्रस्ताव प्रमुख सचिव को भेजा था। निरीक्षण के बाद अब उम्मीद जताई जा रही है कि अतिक्रमण के नीचे दबे क्षेत्र के तालाबों की सूरत बदलेगी।
पिछले दिनों भगवानपुर विधायक ममता राकेश ने प्रमुख सचिव मनीषा पंवार को प्रस्ताव भेजा था कि क्षेत्र के कई गांव में निकासी न होने के कारण तालाब ओवरफ्लो पानी लोगों के घरों में घुस जाता है। इस कारण ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। लिहाजा तालाबों के पानी की निकासी का हल कराकर सौंदर्यीकरण कराया जाए। इस पर मंगलवार को मनरेगा के स्टेट को-आर्डिनेटर मोहम्मद असलम ने करौंदी, चुड़ियाला, सरठेडी, छांगा मजरी, मानकपुर आदि गांव में पहुंचकर तालाबों का निरीक्षण किया। बताया जा रहा है कि निरीक्षण की रिपोर्ट अब स्टेट को-आर्डिनेटर के द्वारा प्रमुख सचिव मनीषा पंवार को दी जाएगी। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। ब्लॉक के डीपीओ अमृत राठी ने मामले की जानकारी दी है। इस दौरान बीडीओ सतेंद्र धामंदा, ग्राम पंचायत सचिव निर्मल सैनी, डीपीओ अमृत राठी, राजीव गर्ग आदि मौजूद रहे।