उत्तराखंड वक्फ बोर्ड के नवनियुक्त मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) मो. आरिफ ने शनिवार को दरगाह साबिर पाक में हाजिरी देकर चादर पेश की और मुल्क व प्रदेश में अमन-चैन, भाईचारे और तरक्की के लिए दुआ मांगी। इसके बाद उन्होंने दरगाह कार्यालय पहुंचकर कार्यभार ग्रहण किया। इस अवसर पर दरगाह कर्मचारियों की ओर से उनका स्वागत किया गया।
कार्यभार संभालने के बाद सीईओ मो. आरिफ ने दरगाह से संबंधित पत्रावलियों का अवलोकन किया और दरगाह क्षेत्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने साफ-सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने, लंगर में परोसे जाने वाले भोजन की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और अन्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। मो. आरिफ ने कहा कि साबिर पाक की पावन धरती से उन्हें अपनी नई जिम्मेदारी के निर्वहन के लिए मार्गदर्शन और प्रेरणा मिली है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि उत्तराखंड वक्फ बोर्ड की कार्यप्रणाली को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और जनहितकारी बनाया जाएगा। गौरतलब है कि मो. आरिफ उत्तराखंड वक्फ बोर्ड के सीईओ के साथ-साथ उत्तराखंड राज्य हज समिति का कार्यभार भी संभाल रहे हैं। इस अवसर पर हज अधिकारी मो. अहसान, सुपरवाइजर इंतखाब आलम, अफजाल, राव शारिक, हारुन, असलम कुरैशी, लेखाकार सद्दाम, राव सिकंदर वसीम सहित दरगाह के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।