जवाहर नवोदय विद्यालय के 19 बच्चों को लेकर आ रही मिनी ट्रेवल बस को नारसन संयुक्त जांच चौकी पर आरटीओ ने रोक लिया। बच्चों के साथ दो शिक्षक भी थे और सभी लोग बंगलूरू से लौट रहे थे। यहां सभी के हाथ पैर और पूरी बस को सेनिटाइज करने के बाद इसकी सूचना स्वास्थ्य विभाग को दी गई, जिसके बाद बच्चों को हरिद्वार भेजा गया।
बस में मौजूद अध्यापिका रमा कुमारी ने बताया कि हरिद्वार जवाहर नवोदय विद्यालय में कक्षा नौ में पढ़ने वाले छात्र एक वर्ष की नेशनल इंटीग्रेटेड ट्रेनिंग के तहत बंगलूरू गए थे। विद्यालय की छुट्टी के बाद बच्चे बंगलूरू से दिल्ली तक ट्रेन से यात्रा कर आए हैं। दिल्ली से उन्हें मिनी ट्रेवल बस में हरिद्वार ले जाया जा रहा है। यहां से ये अपने घर चले जाएंगे, लेकिन नारसन बॉर्डर पर परिवहन कर अधिकारी भारत भूषण ने रोक लिया और स्वास्थ्य विभाग को सूचना दी गई। इसके बाद बच्चों के हाथ और बस को सेनिटाइज किया गया। इसके बाद उन्हें जवाहर नवोदय विद्यालय हरिद्वार जाने दिया गया। परिवहन कर अधिकारी भारत भूषण ने बताया बच्चे अलग-अलग जिले और गांवों के रहने वाले हैं। एहतियातन सभी के फोन नंबर और पते नोट किए गए हैं, जो स्वास्थ्य विभाग को दिए जा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग आगे की कार्रवाई करेगा।