Roorkee: बेटे की हत्या का बदला लेने को पिता ने रची खौफनाक साजिश, ऐसे किया युवक की जिंदगी का सौदा
20 फरवरी को झबीरण के श्मशान घाट के पास युवक का शव मिला था। मृतक की शिनाख्त झबीरण निवासी अंकित के रूप में हुई थी। पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी थी।
विस्तार
कपिल के पिता ने ही बेटे की हत्या का बदला लेने के लिए अंकित की हत्या कराई थी। इसके लिए कपिल के पिता ने चार लाख रुपये में सुपारी दी थी। चार हजार रुपये हत्या करने वालों को एडवांस में दिए थे। पुलिस ने कपिल के पिता समेत तीन को गिरफ्तार किया है। साथ ही हत्या में प्रयुक्त दो चाकू और बाइक बरामद की है।
एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने मंगलौर कोतवाली में शनिवार को प्रेसवार्ता कर बताया कि 20 फरवरी को झबीरण के श्मशान घाट के पास युवक का शव मिला था। मृतक की शिनाख्त झबीरण निवासी अंकित के रूप में हुई थी। पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी थी। इस बीच पुलिस ने कपिल हत्याकांड से तार जोड़कर जांच की जिसमें कपिल की हत्या में अंकित जेल गया था।
पुलिस ने कपिल सैनी के पिता संजय सैनी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान संजय सैनी ने अंकित की हत्या कराने की साजिश रचने की बात स्वीकार की। आरोपी ने बताया कि उसने विकास उर्फ विक्की, दीपांशु व अमन को चार लाख रुपये में अंकित की हत्या की सुपारी दी थी। चार हजार रुपये एडवांस में दिए थे। बुधवार की रात विक्की ने अंकित को बुलाया और शराब पी।
Roorkee Crime: मंगलौर में 26 साल के युवक की चाकू से गोदकर हत्या, श्मशान घाट के कूड़ेदान में मिला शव
इसके बाद अंकित के नशे में होने पर चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी थी। एसएसपी ने बताया कि पुलिस ने विकास व संजय निवासी कुरड़ी, मंगलौर व दीपांशु निवासी कैदकी, थाना देवबंद को गिरफ्तार किया है। हत्या में शामिल दो आरोपी अब भी फरार हैं। बताया कि हत्या में प्रयुक्त बाइक, दो चाकू भी बरामद किए गए हैं। साथ ही गिरफ्तार तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। फरार चारों आरोपियों की तलाश की जा रही है।
ये था अंकित की हत्या का कारण
28 जून 2024 को कुरड़ी निवासी कपिल सैनी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। कपिल का शव झबीरन के जंगल में एक बाग में चारपाई पर मिला था। इस मामले में झबीरन निवासी अंकित को गिरफ्तार कर पुलिस ने जेल भेज दिया था। इस बीच कपिल के पिता संजय सैनी ने बेटे की मौत का बदला लेने की ठान ली थी और वह अंकित के जेल से बाहर आने का इंतजार कर रहा था। नवंबर माह में अंकित जमानत होने पर जेल से बाहर आ गया। अंकित के जेल से बाहर आने के बाद से ही वह बेटे की मौत का बदला लेने की योजना में जुट गया था। इसके बाद पूरी वारदात को अंजाम दिया गया।
मंगलौर से खरीदे थे हत्या में प्रयुक्त चाकू
हत्या की वारदात को अंजाम देने के लिए हत्यारोपियों ने मंगलौर के एक दुकानदार से तीन चाकू खरीदे थे। पुलिस हत्या में प्रयुक्त दो चाकू बरामद कर चुकी है। एसएसपी ने बताया कि दुकानदार के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
विकास पर दर्ज हैं चार केस
एसएसपी ने बताया कि अंकित हत्याकांड के मास्टरमाइंड विकास के खिलाफ चार केस दर्ज हैं। झबरेड़ा और गंगनहर कोतवाली में विकास के विरुद्ध चोरी, लूट व गैंगस्टर का केस दर्ज है। उन्होंने बताया कि दीपांशु, अमन व रोहित का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है।