आईआईटी रुड़की ने भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड के सहयोग से सिक्योरिटी सर्विलांस सिस्टम तैयार किया है। इससे किसी बिल्डिंग में लगे विभिन्न कैमरे और वीडियो की मदद से उसमें किसी इंसान की गतिविधि की समय के साथ मैपिंग की जा सकती है। इस सिस्टम को पांच से नौ फरवरी तक लखनऊ में आयोजित होने वाले डिफेंस एक्सपो में प्रदर्शित किया जाएगा।
सिक्योरिटी सर्विलांस सिस्टम का काम किसी इंसान की असामान्य गतिविधियां दिखाना, चेहरे की पहचान (फेस आईडी) करना और इंसान के कॉर्डिनेट के रूप में डेटाबेस से डेटा प्राप्त करना, परिसर में उसकी गतिविधि पर नजर रखना, रेड जोन में किसी गतिविधि की चेतावनी देना, आईपी कैमरे की मदद से उस इंसान की पहचान करना और यह जानकारी सुरक्षा प्रणाली का भेज देना है। आईआईटी निदेशक प्रो. अजीत के चतुर्वेदी ने बताया कि यह वैज्ञानिक कौशल को प्रदर्शित करता है। सिस्टम तैयार करने वाले आईआईटी के वैज्ञानिक प्रो. कमल जैन ने कहा है कि रक्षा उत्पादन के विभिन्न क्षेत्रों और बीईएल की साझेदार अन्य एजेंसियों से बहुत उत्साहवर्द्धक प्रतिक्रिया मिली है। बीईएल के सहयोग से इसका परिचालन सुचारु होगा। इस सिस्टम से किसी स्थान पर निगरानी, सुरक्षा रखना, सैन्य गुप्त सूचना, संदिग्ध गतिविधि का पता लगाना, कार्यालय प्रशासन, उपग्रह से प्राप्त तस्वीरों के मामले में नेविगेशन, लोगों की गुप्त सूचना एकत्र करना, सार्वजनिक और निजी अपराध की रोकथाम, गोपनीयता के उल्लंघन पर नजर रखना, किसी कार्य प्रक्रिया का संरक्षण, वायरलेस सिक्योरिटी ट्रैकिंग के कार्य आसान हो जाएंगे।