आईबी की क्लीनचिट, कश्मीरी युवक रिहा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आईआईटी में संदिग्ध हालात में घूमते मिले कश्मीरी युवक की पुलिस से लेकर आईबी तक ने पूरी कुंडली खंगाली। कोई संदिग्ध कनेक्शन न मिलने पर उसे रिहा कर दिया गया। पड़ताल में सामने आया है कि वह लक्सर में एक परिचित से मिलकर लौट रहा था। नशे में होने के कारण वह ट्रेन से रुड़की रेलवे स्टेशन पर उतर गया और भटक कर आईआईटी रुड़की पहुंच गया था।
रुड़की देहात से करीब दो महीने पहले चार स्थानीय छात्रों को आईबी की टीम ने आतंकी संगठन आईएस से कनेक्शन में गिरफ्तार किया था। इसके बाद से खासकर प्रमुख संस्थानों के आस पास संदिग्धों को लेकर चौकसी बरती जा रही है। शुक्रवार को आईआईटी परिसर में एक युवक संदिग्ध हालात में घूम रहा था। सुरक्षाकर्मियों की सूचना पर सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की। जिसमें उसने अपना नाम सुरजीत शर्मा निवासी गांव कोटली, थाना बडवा, जिला डोडा जम्मू कश्मीर बताया था। साथ ही उसने ये भी बताया था कि उसके कश्मीरी दोस्त सदाकत ने उसे लक्सर में मेडिकल स्टोर चलाने वाले इस्लाम से मिलने भेजा है। उसकी बातों को परखने के लिए पुलिस ने जम्मू कश्मीर पुलिस से संपर्क साधा।
कश्मीरी युवक पकड़े जाने से स्थानीय खुफिया विभाग से लेकर आईबी भी सक्रिय हो गई। युवक के बारे में जम्मू पुलिस से पूरी जानकारी जुटाने के बाद पाया गया कि वह सच बोल रहा है। कागजी लिखा पढ़ी पूरी करने के बाद उसे शनिवार को छोड़ दिया गया। कोतवाली के एसएसआई गोविंद कुमार ने बताया कि युवक लक्सर से जम्मू लौटने के दौरान नशे की हालत में रुड़की रेलवे स्टेशन पर उतर गया था और रास्ता भटक कर आईआईटी पहुंच गया। पूरी जांच पड़ताल के बाद उसे छोड़ दिया गया है।
शादी के कार्ड लेने आया था सुरजीत
पुलिस की छानबीन में पता चला है कि सुरजीत का दोस्त सदाकत हर साल सर्दियों के सीजन में हरिद्वार अखरोट बेचने आता है। कई साल पहले लक्सर में उसकी जान पहचान मेडिकल स्टोर चलाने वाले इस्लाम से हुई थी। दोनों के बीच दोस्ती होने पर उनके परिवार का भी एक दूसरे के घर आना जाना हुआ। सुरजीत भी सदाकत के साथ इस्लाम से मिलने लक्सर आया। अब इस्लाम ने सदाकत को फोन पर अपनी बेटी की शादी का न्यौता दिया। शादी का कार्ड लेने के लिए सुरजीत खुद ही लक्सर आया था। पुलिस के मुताबिक वह शराब पीकर लक्सर से लौट रहा था, नशा ज्यादा होने पर वह रुड़की रेलवे स्टेशन को जम्मू समझकर ट्रेन से उतर गया।
इस्लाम और सदाकत से हुई पूछताछ
सुरजीत ने जो बातें पुलिस और खुफिया विभाग को बताई, उनकी कड़ी से कड़ी जोड़ने के लिए जम्मू में बैठे सदाकत और लक्सर में इस्लाम से भी पूछताछ हुई। तस्दीक के बाद आईबी ने भी अपने स्तर से पूरी तसल्ली की। जिसके बाद उसे छोड़ा गया।