ब्यूरो/अमर उजाला, लक्सर। किसान के साथ हुई टप्पेबाजी मामले में पुलिस ने एक अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। 11 दिन पहले बैंक में किसान क्रेडिट कार्ड के रुपये जमा करने पहुंचे किसान को टप्पेबाजों ने शिकार बनाया था।
खानपुर थाना क्षेत्र के कान्हावाली गांव निवासी सुखपाल सिंह 21 मई को अपने बेटे सोनू के साथ लक्सर स्थित पंजाब नेशनल बैंक में किसान क्रेडिट कार्ड के रुपये जमा करने गए थे। सुखपाल का कहना था कि जब वह फार्म भरने के बाद रुपये जमा करने के लिए कतार में खड़ा था। तभी थैले से रुपये निकाल लिए गए। टप्पेबाजों ने थैले को नीचे से काटकर एक लाख 10 हजार रुपये उड़ा दिए थे। बैंक अधिकारियों ने सीसीटीवी कमरे को खंगाला, तो उसमें एक युवक ब्लेड से थैले को काटकर रुपये निकालता नजर आया। पीड़ित ने मामले में कोतवाली पुलिस को तहरीर दी थी। कोतवाल वीरेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि तहरीर के आधार पर एक अज्ञात युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच शुरू कर दी है।